बदलेगा बंगाल के राज्य सचिवालय का रंग, हल्के और गहरे पीले के साथ गेरुआ रंग की भी होगी झलक
बंगाल के राज्य सचिवालय नवान्न का रंग नीले-सफेद से बदलकर हल्के-गहरे पीले और सफेद/क्रीम के मिश्रण में होगा, जिसमें गेरुआ रंग की झलक भी दिखेगी।

बंगाल के राज्य सचिवालय का रंग बदलने की तैयारी। (फाइल फोटो।)
HighLights
नवान्न सचिवालय का रंग नीले-सफेद से बदलकर पीला होगा।
नए रंग संयोजन में गेरुआ रंग की झलक भी शामिल होगी।
मरम्मत और रंगाई के लिए 1.86 करोड़ का टेंडर जारी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद अब राज्य सचिवालय नवान्न का भी रंग बदलने की तैयारी है। अब तक नीले-सफेद रंग में नजर आने वाले नवान्न भवन को हल्के और गहरे पीले के साथ सफेद या क्रीम रंग के मिश्रण से सजाया जाएगा। इसमें गेरुआ रंग की झलक भी देखने को मिल सकती है।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, सरकार के उच्च स्तर पर इस रंग संयोजन को अंतिम रूप दिया गया है। इस संबंध में सरकार की ओर से अब तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।
जारी हुआ था टेंडर
राज्य के मुख्य प्रशासनिक भवन नवान्न के विशेष मरम्मत और नवीनीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग ने टेंडर जारी किया था। इसमें नवान्न, उपान्न और आसपास की अन्य संरचनाओं की मरम्मत तथा रंगाई का काम शामिल है। टेंडर का अनुमानित मूल्य करीब 1.86 करोड़ रुपये है।
सत्ता बदलने के बाद बदला रंग
सात नवंबर को वित्तीय निविदाएं खोली गई थीं। इसके तहत भवन के बाहरी हिस्से के साथ जरूरत के मुताबिक अंदरूनी हिस्सों की भी मरम्मत होगी। सत्ता परिवर्तन के बाद राज्य में सरकारी भवनों, सड़कों के किनारे की संरचनाओं और फ्लाईओवरों पर नीले-सफेद रंग की जगह पीले और गेरुआ रंग का इस्तेमाल शुरू हुआ था। नवान्न के नामपट्ट और उससे लगे सभागार का रंग भी बदला जा चुका है।