'छठ केवल बिहार या हिंदी भाषियों का त्योहार नहीं, बंगाल में एक करोड़ से अधिक लोग करते हैं पूजा', बोले सीएम शुभेंदु
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज ठाकरे के छठ पूजा पर दिए बयान की कड़ी निंदा की है। ...और पढ़ें

छठ केवल बिहार या हिंदी भाषियों का त्योहार नहीं।
HighLights
शुभेंदु अधिकारी ने राज ठाकरे के छठ पूजा बयान की निंदा की।
छठ पूजा केवल बिहार या हिंदी भाषियों का त्योहार नहीं।
बंगाल में एक करोड़ से अधिक लोग श्रद्धा से मनाते हैं छठ।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के छठ पूजा पर दिए बयान पर बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
रविवार को हावड़ा के रामकृष्णपुर गंगा घाट पर छठ पूजा में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने ठाकरे पर निशाना साधते कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए हिंदू त्योहारों को भाषा और क्षेत्र के आधार पर बांटने की कोशिश संकीर्ण और पिछड़ी मानसिकता का परिचायक है।
उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव, रामनवमी और छठ पूजा किसी एक राज्य या समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये पूरे देश की सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ केवल बिहार या हिंदी भाषियों का त्योहार नहीं है। उन्होंने दावा किया कि बंगाल में एक करोड़ से अधिक लोग पूरी श्रद्धा के साथ इस पर्व को मना रहे हैं। इसमें केवल हिंदी भाषी ही नहीं, बल्कि विभिन्न भाषाई समुदायों के लोग भी शामिल हैं।
छठ पूजा पर मुख्यमंत्री ने लॉन्च से हावड़ा व कोलकाता में गंगा किनारे विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया और छठ पूजा में हिस्सा लिया। शुभेंदु ने आगे कहा कि कुछ लोग गणपति उत्सव को केवल मराठियों, छठ को बिहार के लोगों और रामनवमी को उत्तर प्रदेश तक सीमित बताने की कोशिश करते हैं। ऐसा वोट बैंक की राजनीति और तुच्छ मानसिकता के कारण किया जाता है। हालांकि, जनता ने ऐसी कोशिशों को नकार दिया है।
देश में अलग-अलग परंपराएं हैं, लेकिन अंत में हम सभी भारतीय हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि दुर्गापूजा, कालीपूजा और दीपावली की तरह छठ पूजा के लिए भी राज्य प्रशासन की तरफसे व्यापक इंतजाम किए गए हैं। गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए।
तटरक्षक बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), पुलिस और नागरिक प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित किया गया। सात दिन पहले ही प्रत्येक जिले में एक मंत्री को तैयारियों की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले राज ठाकरे ने मुंबई में छठ पूजा को लेकर भाजपा पर राजनीतिक तनाव पैदा करने का आरोप लगाया था। उन्होंने इसे मराठी और उत्तर भारतीय समुदायों के बीच विवाद पैदा करने की कोशिश बताया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।