TMC सांसद अभिषेक बनर्जी को कलकत्ता HC से बड़ी राहत, उनका कार्यालय तोड़ने पर लगी रोक 15 दिसंबर तक बढ़ी
कलकत्ता हाई कोर्ट ने अभिषेक बनर्जी के पार्टी कार्यालय को तोड़ने पर लगी रोक 15 दिसंबर तक बढ़ा दी है। यह राहत अवैध निर्माण के आरोपों से जुड़े मामले में मिली है, जिससे प्रशासन अब इस अवधि तक कोई कार्रवाई नहीं कर पाएगा।
--1795709358098_m.webp)
कलकत्ता हाई कोर्ट से अभिषेक बनर्जी को बड़ी राहत मिली। फोटो: आर्काइव
HighLights
कलकत्ता हाई कोर्ट ने कार्यालय तोड़फोड़ पर रोक बढ़ाई।
अभिषेक बनर्जी के आमताला स्थित कार्यालय का विवाद।
प्रशासन 15 दिसंबर तक तोड़फोड़ नहीं कर पाएगा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी को कलकत्ता हाई कोर्ट से एक बार फिर राहत मिली है।
अदालत ने दक्षिण 24 परगना के आमतला स्थित उनके पार्टी और सांसद कार्यालय को तोड़ने पर लगी रोक की अवधि बढ़ाकर 15 दिसंबर तक कर दी है।
गुरुवार को हुई सुनवाई के बाद अदालत ने यह आदेश दिया। इसके तहत 15 दिसंबर तक प्रशासन उक्त कार्यालय में किसी तरह की तोड़फोड़ नहीं कर सकेगा।
कार्यालय के निर्माण की वैधता को लेकर विवाद
डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के अमतला में चंडीपुर मोड़ के पास अभिषेक बनर्जी का पार्टी और सांसद कार्यालय है। इस भवन के निर्माण की वैधता को लेकर विवाद चल रहा है।
गत 17 मई को सुशांत मंडल नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि कार्यालय का निर्माण अवैध तरीके से किया गया है। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की थी।
18 जुलाई को कार्यालय के एक हिस्से को तोड़ दिया गया था। अगले दिन फिर तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू हुई थी। इसके बाद 16 अगस्त को कलकत्ता हाई कोर्ट ने विशेष सुनवाई करते हुए तोड़फोड़ पर अंतरिम रोक लगा दी थी।
20 अगस्त को न्यायमूर्ति शुभ्रा घोष की पीठ में मामले की सुनवाई हुई थी। अभिषेक की कंपनी लिप्स एंड बाउंड्स की ओर से अधिवक्ता किशोर दत्त ने अदालत में पक्ष रखा था।
अलग-अलग प्लाट की जमीन को लेकर उठाया सवाल
अभिषेक की ओर से दलील दी गई थी कि अवैध निर्माण की शिकायत 509 और 512 नंबर प्लाट की जमीन को लेकर की गई थी, जबकि प्रशासन ने 507 नंबर प्लाट पर स्थित उनके कार्यालय को तोड़ा।
इसके लिए उचित मुआवजे की मांग भी की गई थी। वहीं, राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता सुरजीत नाथ मित्रा ने पक्ष रखा था। उन्होंने मामले की सुनवाई के लिए राज्य सरकार को पर्याप्त समय देने का अनुरोध किया था।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायमूर्ति शुभ्रा घोष ने पहले तोड़फोड़ पर रोक की अवधि 18 सितंबर तक बढ़ाई थी।
यह भी पढ़ें- 'बंगाल चुनाव में 93% मतदान संविधान की जीत', आपातकाल को लेकर कांग्रेस पर भी बरसे CM शुभेंदु अधिकारी