'बंगाल चुनाव में 93% मतदान संविधान की जीत', आपातकाल को लेकर कांग्रेस पर भी बरसे CM शुभेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य विधानसभा चुनाव में 93% मतदान संविधान की जीत है, जो संवैधानिक मूल्यों में लोगों के विश्वास को दर्शाता है।

संविधान दिवस के अवसर पर राज्य विधानसभा में आयोजित कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी। फोटो: आर्काइव
HighLights
93% मतदान को संविधान की जीत बताया।
डॉ. आंबेडकर के आदर्शों पर चलने की बात कही।
आपातकाल को संविधान पर सबसे बड़ा प्रहार बताया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को कहा कि 2026 के विधानसभा चुनाव में राज्य में 93 प्रतिशत मतदान संविधान की जीत है।
उन्होंने कहा कि देश के लोगों का एक बड़ा वर्ग संवैधानिक मूल्यों में विश्वास करता है और बंगाल में इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं का मतदान करना इसी विश्वास को दर्शाता है।
संविधान दिवस के अवसर पर राज्य विधानसभा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान देश की सर्वोच्च मार्गदर्शक शक्ति है और सरकार को डॉ. भीमराव आंबेडकर के आदर्शों के अनुरूप काम करना चाहिए।
इस अवसर पर शुभेंदु ने विधानसभा में संविधान निर्माता भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
93 प्रतिशत मतदान को बताया संविधान की जीत
मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव में 93 प्रतिशत मतदान को असामान्य बताने वाली धारणा को खारिज करते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों का मतदान प्रक्रिया में भाग लेना संविधान के प्रति उनकी आस्था का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि देश के अधिकांश लोग संविधान में विश्वास करते हैं। इसी कारण बंगाल में 93 प्रतिशत मतदान हुआ। यह संविधान की जीत है।
आपातकाल को बताया संविधान पर सबसे बड़ा प्रहार
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आपातकाल लागू करने वालों को संवैधानिक मूल्यों पर बोलते समय संयम बरतना चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान पर सबसे बड़ा प्रहार आपातकाल के दौरान हुआ था।
शुभेंदु ने कहा कि भारत का संविधान बहुत मजबूत है और पूरा देश इसी के अनुसार संचालित होता है। उन्होंने कहा कि दुनिया में भारत से बड़ा लोकतांत्रिक तंत्र कहीं नहीं है।
संविधान को और मजबूत किया जाना चाहिए तथा सरकार को बाबासाहेब आंबेडकर के दिखाए रास्ते पर देश चलाना चाहिए। मालूम हो कि देश में हर वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है।
इसी दिन 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था। संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था।