विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी के लिए TMC गुटों में घमासान, सिंबल और विधायकों की संख्या के बीच फंसा विवाद 

Published: Sun, 29 Nov 2026 11:16 PM (IST)

कलकत्ता हाई कोर्ट ने बंगाल विधानसभा में ऋतब्रत बंद्योपाध्याय को नेता प्रतिपक्ष की मान्यता रद्द कर दी है, अध्यक्ष को 10 दिनों में नियमानुसार चयन का निर्देश दिया।  

ऋतब्रत और ममता। फाइल फोटो

ऋतब्रत और ममता। फाइल फोटो

HighLights

  1. हाई कोर्ट ने ऋतब्रत बंद्योपाध्याय की नेता प्रतिपक्ष मान्यता रद्द की।

  2. विधानसभा अध्यक्ष को 10 दिनों में नया नेता प्रतिपक्ष चुनने का निर्देश।

  3. TMC गुटों में चयन प्रक्रिया पर विवाद: दल बनाम विधायक संख्या।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के चयन को लेकर तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुटों के बीच टकराव एक बार फिर तेज हो गया है। कलकत्ता हाई कोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष के उस फैसले को निरस्त कर दिया है, जिसके तहत ऋतब्रत बंद्योपाध्याय को नेता प्रतिपक्ष की मान्यता दी गई थी।

अदालत ने अध्यक्ष को 10 दिनों के भीतर नियमानुसार नेता प्रतिपक्ष चुनने का निर्देश दिया है। इसके बाद फिलहाल विधानसभा में यह पद रिक्त है। अब चयन की प्रक्रिया को लेकर ममता गुट और ऋतब्रत गुट आमने-सामने हैं।

ममता गुट का कहना है कि नेता प्रतिपक्ष का चयन विधायकों की संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि दल के आधार पर होना चाहिए। इस गुट के नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के नियमों और कार्यप्रणाली में उन्हें नेता प्रतिपक्ष चुनने का अधिकार नहीं है।

उनके अनुसार, संवैधानिक प्रावधानों और विधानसभा के नियमों में भी अध्यक्ष को इस तरह नियुक्ति करने का अधिकार नहीं दिया गया है। इसलिए पार्टी की ओर से पहले भेजे गए पत्र पर ही विचार किया जाना चाहिए। ममता गुट ने शोभनदेव को नेता प्रतिपक्ष बनाने की सिफारिश की थी। उसका दावा है कि पार्टी का चुनाव चिह्न अब भी उसके पास है।

वहीं, ऋतब्रत गुट ने ममता गुट के इस तर्क को खारिज करते हुए विधायकों की संख्या को निर्णायक बताया है। इस गुट के नेता ऋजु दत्ता ने कहा कि जब पार्टी दो हिस्सों में बंट चुकी है और नाम तथा चुनाव चिह्न को लेकर मामला चुनाव आयोग के पास है, तब जिस गुट के पास अधिक विधायक हैं, उसी के विधायकों को अध्यक्ष के सामने उपस्थित होकर नेता प्रतिपक्ष और मुख्य सचेतक के नाम प्रस्तावित करने चाहिए। उन्होंने शोभनदेव के बयान पर भी कटाक्ष किया।

क्या है पूरा विवाद?

बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर विभाजन गहरा गया। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद को लेकर दोनों गुटों ने अलग-अलग नाम प्रस्तावित किए। ममता गुट ने शोभनदेव चट्टोपाध्याय का नाम आगे किया, जबकि ऋतब्रत गुट ने ऋतब्रत बंद्योपाध्याय को इस पद के लिए चुना।

तीन जून को विधानसभा अध्यक्ष ने ऋतब्रत को नेता प्रतिपक्ष और अखरुज्जमान को मुख्य सचेतक के रूप में मान्यता दी थी। इस फैसले को चुनौती देते हुए ममता गुट के विधायक शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

उनका तर्क था कि जब पार्टी की ओर से उन्हें नेता प्रतिपक्ष बनाने की सिफारिश की गई थी, तो अध्यक्ष किसी दूसरे व्यक्ति को इस पद पर कैसे मान्यता दे सकते हैं।

इसी याचिका पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने ऋतब्रत की नियुक्ति को निरस्त कर दिया और अध्यक्ष को 10 दिनों के भीतर नियमानुसार नया नेता प्रतिपक्ष चुनने का निर्देश दिया। अब देखना होगा कि अदालत के निर्देश के बाद अध्यक्ष किस प्रक्रिया के तहत इस पद पर चयन करते हैं।

यह भी पढ़ें- बंगाल में फर्जी डॉक्टरों पर शिकंजे की तैयारी, दूसरे राज्यों से रजिस्ट्रेशन कराने वालों के दस्तावेजों की होगी जांच

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।