बंगाल में फर्जी डॉक्टरों पर शिकंजे की तैयारी, दूसरे राज्यों से रजिस्ट्रेशन कराने वालों के दस्तावेजों की होगी जांच
बंगाल मेडिकल काउंसिल ने फर्जी डॉक्टरों पर शिकंजा कसने के लिए दूसरे राज्यों से पंजीकरण कराने वाले चिकित्सकों के दस्तावेजों की जांच का दायरा बढ़ाया है।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
बंगाल मेडिकल काउंसिल फर्जी डॉक्टरों की जांच का दायरा बढ़ाएगी।
दूसरे राज्यों से पंजीकृत चिकित्सकों के दस्तावेजों का होगा गहन सत्यापन।
NMC ने निजी मेडिकल कॉलेजों में दाखिले पर अभिभावकों को दी सलाह।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में फर्जी डाक्टरों के सामने आ रहे मामलों के बाद राज्य मेडिकल काउंसिल ने ऐसे चिकित्सकों की पहचान के लिए जांच का दायरा बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब दूसरे राज्यों से मेडिकल पंजीकरण हासिल कर बंगाल में प्रैक्टिस कर रहे डाक्टरों के दस्तावेजों की जांच होगी।
राज्य में पंजीकृत करीब 1.10 लाख डाक्टरों में से ऐसे चिकित्सकों की सूची तैयार की गई है, जिन्होंने दूसरे राज्यों से पंजीकरण कराया है।
मेडिकल काउंसिल के प्रतिनिधि संबंधित राज्यों में जाकर उनके शैक्षणिक प्रमाणपत्र और पंजीकरण से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे। डाक्टरों ने जिस राज्य से चिकित्सा की पढ़ाई पूरी की है, वहां भी प्रतिनिधि भेजे जाएंगे।
दूसरी ओर, फर्जी मेडिकल कॉलेजों और अनियमित दाखिलों पर रोक लगाने के लिए राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) ने परामर्शिका जारी की है।
इसमें अभिभावकों को सलाह दी गई है कि निजी मेडिकल कालेज में दाखिले से पहले संस्थान का नाम और उसकी मान्यता एनएमसी की आधिकारिक सूची में जरूर जांच लें।
केवल कालेज की सामान्य मान्यता देखना पर्याप्त नहीं है। यह भी सुनिश्चित करना जरूरी है कि संबंधित शैक्षणिक सत्र और पाठ्यक्रम के लिए आवश्यक अनुमति उपलब्ध है।
परामर्शिका में निजी मेडिकल कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया और शुल्क भुगतान को लेकर भी सावधानी बरतने को कहा गया है। निजी कॉलेजों में भी दाखिला निर्धारित काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से होना चाहिए।
आरोप हैं कि कुछ संस्थानों में निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना पैसे लेकर सीटें दी जा रही हैं। अभिभावकों को सलाह दी गई है कि शुल्क केवल कालेज के आधिकारिक खाते में ही जमा करें। किसी तरह का संदेह होने पर स्थानीय प्रशासन या एनएमसी को इसकी जानकारी दें।
बर्द्धमान के एक निजी मेडिकल कालेज में फर्जी डाक्टर को शिक्षक के रूप में नियुक्त किए जाने का मामला भी सामने आया था। इससे मेडिकल शिक्षा संस्थानों में शिक्षकों की योग्यता और नियुक्ति प्रक्रिया की जांच की जरूरत रेखांकित हुई है।
चिकित्सकों का कहना है कि केवल परामर्शिका जारी करने से ऐसी अनियमितताओं पर पूरी तरह रोक नहीं लगेगी। इसके लिए मेडिकल कॉलेजों का औचक निरीक्षण भी जरूरी है।
इन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि निर्धारित काउंसलिंग से बाहर किसी तरह का दान या अतिरिक्त रकम मांगने पर भुगतान न करें और दाखिले से पहले कालेज की मान्यता की पुष्टि अवश्य करें।