बंगाल चुनाव में जीत को लेकर आश्वस्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं को संदेश- मतगणना के बाद हिंसा से बचें
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने मतगणना से पहले जीत का भरोसा जताते हुए कार्यकर्ताओं को हिंसा से दूर रहने का सख्त संदेश दिया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य (फोटो-पीटीआई)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से ठीक पहले रविवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने जीत को लेकर पूर्ण भरोसा जताते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट और सख्त संदेश दिया है कि वे किसी भी परिस्थिति में हिंसा या अराजकता में शामिल न हों।
साल्टलेक स्थित पार्टी मुख्यालय में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि राज्य में राजनीतिक संस्कृति बदलने की जरूरत है और मतगणना के बाद शांति बनी रहनी चाहिए।
4 मई को वोटों की गिनती
सोमवार सुबह आठ बजे से 293 सीटों पर मतगणना शुरू होगी, जबकि फलता सीट पर बाद में मतदान और फिर गिनती होगी। नतीजों के शुरुआती रुझान दोपहर तक सामने आने लगेंगे।
इससे पहले भट्टाचार्य ने कार्यकर्ताओं को संयम बरतने की सलाह देते हुए कहा कि 'जीत के बाद किसी भी तरह की प्रतिहिंसा से दूर रहना है।'
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल गणना प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए असामाजिक तत्वों को इकट्ठा कर रहे हैं, लेकिन इस बार ऐसा संभव नहीं होगा।
2021 के चुनाव बाद हुई हिंसा का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि उस समय भाजपा कार्यकर्ताओं पर व्यापक हमले हुए थे। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि भाजपा बदले की राजनीति में विश्वास नहीं करती।
भट्टाचार्य नेकहा, 'हम नहीं चाहते कि जो पीड़ा हमारे कार्यकर्ताओं ने झेली, वही किसी और को सहनी पड़े।' उन्होंने इसे लोकतंत्र और जनता की राजनीतिक जागरूकता की जीत बताते हुए शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की।
यह भी पढ़ें- मतगणना से पहले बंगाल में भाजपा नेता के घर पर फायरिंग, दो गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- बंगाल: कालीघाट थाने में 24 घंटे में फिर थानेदार की बदली, 36 दिनों में चौथी बार फेरबदल
