कचरे की समस्या से जूझ रहे भाटपाड़ा को मिलेगी राहत, 52 करोड़ की परियोजना शुरू
भाटपाड़ा शहर में कचरे की बढ़ती समस्या और प्रदूषण से निपटने के लिए नारायणपुर में 52 करोड़ रुपये की सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना शुरू की गई है।

जगद्दल के विधायक डॉ. राजेश कुमार बात करने की तस्वीर (जागरण)
HighLights
भाटपाड़ा में 52 करोड़ की सॉलिड वेस्ट परियोजना शुरू।
घर-घर से कचरा संग्रह कर जैविक खाद, बायोगैस बनेगी।
पांच लाख आबादी और किसानों को मिलेगा सीधा लाभ।
जागरण संवाददाता, भाटपाड़ा। उत्तर 24 परगना के भाटपाड़ा शहर में लगातार बढ़ती कचरे की समस्या और उससे फैलने वाले प्रदूषण से निपटने के लिए भाटपाड़ा नगरपालिका क्षेत्र के नारायणपुर में 52 करोड़ रुपये की सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना शुरू हो गई है।
इस परियोजना के तहत घर-घर से कचरा संग्रह कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा। खास बात यह है कि कचरे को बेकार समझकर फेंकने के बजाय उससे जैविक खाद और बायोगैस तैयार की जाएगी।
पांच लाख की आबादी को मिलेगा फायदा
इससे भाटपाड़ा शहर की करीब पांच लाख आबादी को लाभ मिलने की उम्मीद है। जगद्दल के विधायक डॉ. राजेश कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इससे जहां शहर से गंदगी खत्म होगी वहीं परियोजना से किसानों को भी फायदा होगा।
जगह-जगह कचरा जमा होने से बढ़ रही थी परेशानी
डॉ. राजेश कुमार के अनुसार, भाटपाड़ा नगरपालिका क्षेत्र में प्रतिदिन करीब 125 टन कचरा निकलता है। अब तक इस कचरे को शहर के अलग-अलग स्थानों पर जमा किया जाता था। इसके कारण आसपास के इलाकों में गंदगी और प्रदूषण की समस्या बनी रहती थी। कचरे के ढेर से स्थानीय लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित काम नहीं हुआ।
कचरे का होगा वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण
नारायणपुर में लगभग एकड़ जमीन पर विकसित की जा रही इस परियोजना की खासियत यह है कि इसमें कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण होगा। घरों से एकत्रित कचरे को प्लांट तक लाकर उससे जैविक खाद और बायोगैस तैयार की जाएगी।
इससे एक ओर कचरे के ढेर और प्रदूषण की समस्या कम होगी, वहीं दूसरी ओर तैयार जैविक खाद से किसानों को लाभ मिलेगा। लगभग पांच लाख लोगों के लिए यह परियोजना भाटपाड़ा को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने की दिशा में अहम पहल साबित हो सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।