विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रिंस विलियम के दौरे से पहले चमकाई गईं सड़कें, बॉम्बे HC की BMC को फटकार, पूछा- दो दिन का दिखावा क्यों

Published: Wed, 18 Nov 2026 02:25 PM (IST)

बॉम्बे हाई कोर्ट ने बीएमसी को वीआईपी दौरों पर ही सड़कों की सफाई करने पर फटकार लगाई, और पूछा कि आम नागरिकों को ऐसी सुविधा क्यों नहीं मिलती।

बॉम्बे हाई कोर्ट की तस्वीर (एएनआई)।

बॉम्बे हाई कोर्ट की तस्वीर (एएनआई)।

HighLights

  1. वीआईपी दौरों पर ही सड़कों की सफाई पर कोर्ट ने बीएमसी को फटकारा।

  2. आम नागरिकों के लिए मुंबई की सड़कों की स्थायी स्वच्छता की मांग।

  3. कचरा जागरूकता और प्लास्टिक प्रतिबंध सख्ती से लागू करने का निर्देश।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉम्बे हाई कोर्ट ने बुधवार को बीएमसी (BMC) को फटकार लगाई। कोर्ट ने पूछा कि मुंबई की सड़कों को सिर्फ वीआईपी (VIP) दौरों के समय ही क्यों चमकाया जाता है, और आम नागरिकों को ऐसी साफ-सफाई की सुविधा क्यों नहीं मिलती?

शहर की नागरिक सुविधाओं से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान, जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस नीला गोखले की बेंच ने दक्षिण मुंबई के बैलार्ड एस्टेट का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि कुछ खास मेहमानों के आने से पहले इस इलाके को पूरी तरह से साफ किया गया और पानी से धोया गया था।

क्यों चमक रहा बैलार्ड एस्टेट

कोर्ट ने बीएमसी से पूछा कि बैलार्ड एस्टेट को देखिए, यह कितना चमक रहा है! आपने कुछ खास मेहमानों के आने पर सड़कों को पानी से धोकर साफ कर दिया। तो फिर मुंबई के आम लोगों को ऐसी सड़कें क्यों नहीं मिल सकतीं?" हालांकि बेंच ने इन वीआईपी मेहमानों का नाम नहीं लिया, लेकिन ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन सोमवार को दक्षिण मुंबई के बैलार्ड एस्टेट इलाके में गए थे। ये फिलहाल अभी शहर में हैं।

चाहे तो अच्छा कर सकता है बीएमसी

हाई कोर्ट ने कहा कि यह दुखद है कि एक संवैधानिक अदालत को सार्वजनिक सड़कों पर पड़े भारी कचरे के मुद्दे पर सुनवाई करनी पड़ रही है। कोर्ट ने कहा कि अगर बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चाहे, तो वह बहुत कुछ अच्छा कर सकता है।

दो दिन के लिए नहीं हमेशा के लिए साफ-सुथरी हो सड़कें

बेंच ने टिप्पणी की, "जब कोई खास व्यक्ति शहर में आता है, तो बीएमसी सड़कों को चमका देती है। क्या ऐसा हमेशा शहर के लोगों के लिए नहीं किया जा सकता? सिर्फ दो दिन का दिखावा करने के बजाय कि सड़कें साफ-सुथरी हैं, बीएमसी को इसे हमेशा के लिए कायम रखना चाहिए।" कोर्ट ने कहा कि ऐसी साफ-सफाई हर जगह और हमेशा होनी चाहिए, न कि सिर्फ उन जगहों पर जहां खास लोग जाते हैं।

लोगों को करें जागरूक

कोर्ट ने बीएमसी और महाराष्ट्र सरकार से यह भी कहा कि वे सार्वजनिक सड़कों पर कचरा फेंकने से होने वाले नुकसान के बारे में लोगों को जागरूक करें। साथ ही, कोर्ट ने उनसे प्लास्टिक बैग पर लगे प्रतिबंध को और सख्ती से लागू करने पर विचार करने को कहा।

पूर्वी उपनगरों के कांजुरमार्ग में एक डंपिंग ग्राउंड के पास वायु प्रदूषण और जहरीली गैसों के उत्सर्जन को लेकर दायर एक याचिका पर सुनवाई करते हुए बेंच ने यह टिप्पणी की। अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई सात दिसंबर के लिए तय की है।

( समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

ट्रंप से लेकर जापानी और ऑस्ट्रेलियाई पीएम तक... देखें मनीला दौरे में PM मोदी ने किस-किस नेता को क्या तोहफा दिया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।