विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद फेरबदल, तृणमूल समर्थित कर्मचारी फेडरेशन के 10 नेताओं का दूरदराज के जिलों में तबादला

Published: Thu, 19 Nov 2026 07:49 PM (IST)

बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद प्रशासनिक व्यवस्था में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। तृणमूल समर्थित पश्चिम बंगाल राज्य ...और पढ़ें

बंगाल में तृणमूल समर्थित 10 नेताओं का तबादला। (फोटो-जागरण ग्राफिक्स)

बंगाल में तृणमूल समर्थित 10 नेताओं का तबादला। (फोटो-जागरण ग्राफिक्स)

HighLights

  1. तृणमूल समर्थित 10 कर्मचारी नेताओं का तबादला।

  2. सचिवालय से दूरदराज के जिलों में भेजा गया।

  3. सत्ता परिवर्तन के बाद प्रशासनिक बदलाव तेज।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद सरकारी प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव का सिलसिला तेज हो गया है। पिछली तृणमूल सरकार के कार्यकाल में सरकारी कर्मचारी संगठनों में प्रभाव रखने वाले नेताओं पर अब कार्रवाई शुरू हो गई है।

नवान्न से बुधवार को जारी आदेश के तहत तृणमूल समर्थित पश्चिम बंगाल राज्य सरकारी कर्मचारी फेडरेशन के 10 नेताओं का एकमुश्त तबादला कर दिया गया।

इनमें कई ऐसे पदाधिकारी हैं, जिन पर पिछली सरकार के दौरान सरकारी कार्यालयों में दबाव बनाने, कर्मचारियों को धमकाने और मनमाने तरीके से तबादले कराने के आरोप लगते रहे हैं।

हालांकि, तबादले के आदेश में इन आरोपों को कार्रवाई का आधिकारिक आधार नहीं बताया गया है। इस फेरबदल में संगठन की स्टीयरिंग कमेटी के सदस्य रणबीर दत्त को नवान्न के वित्त विभाग से बांकुड़ा ट्रेजरी कार्यालय भेजा गया है।

पशुपालन विभाग में फेडरेशन के राज्य अध्यक्ष चंद्रनाथ राय को सचिवालय से कालिम्पोंग जिले के गोरुबथान ब्लाक स्थित पशुपालन विकास अधिकारी कार्यालय में तैनात किया गया है।

खाद्य भवन में फेडरेशन के नेता निलय चक्रवर्ती को सुंदरवन मामलों के विभाग से गोसाबा ब्लाक के बीडीओ कार्यालय भेजा गया है।

सचिवालय से दूरदराज के जिलों में तैनाती

तबादला सूची में ऋत्विक चट्टोपाध्याय को गृह विभाग से दार्जिलिंग स्थित जीटीए सचिवालय, राधानाथ रायचौधरी को लोक निर्माण विभाग से कूचबिहार के तीस्ता बैराज निर्माण खंड और पार्थसारथी दत्त को उच्च शिक्षा विभाग से पुरुलिया के रामकृष्ण महतो गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कालेज भेजा गया है।

कुशल मजूमदार को खाद्य विभाग से झाड़ग्राम जिला खाद्य नियंत्रक कार्यालय, अर्घ्य दास को श्रम विभाग से आसनसोल के कल्याणपुर स्थित बायलर निदेशालय, जीत भौमिक को वित्त विभाग से उत्तर दिनाजपुर के रायगंज ट्रेजरी तथा अतनु दास को लोक निर्माण विभाग से अलीपुरद्वार डिवीजन में भेजा गया है।

इससे पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सरकार के शपथ ग्रहण के बाद फेडरेशन के संयोजक प्रताप नायक को भी नवान्न से हटाकर दार्जिलिंग के बिजनबाड़ी भेजा गया था।

पिछली सरकार के अंतिम पांच वर्षों में पूर्व मंत्री मानस भुइयां और प्रताप नायक संगठन के संचालन में प्रमुख भूमिका निभा रहे थे।

नवान्न के सूत्रों के मुताबिक, रणबीर दत्त ने सत्ता परिवर्तन के बाद प्रताप नायक से दूरी बना ली थी, लेकिन उनके खिलाफ भी पहले कई शिकायतें सामने आई थीं।

धमकी संस्कृति पर रोक की मांग, प्रतिशोध की राजनीति से बचने की सलाह

फेडरेशन के वरिष्ठ नेता मनोज चक्रवर्ती ने तबादलों के फैसले का स्वागत किया है। उनका आरोप है कि पिछली सरकार के अंतिम पांच वर्षों में सरकारी कार्यालयों में धमकी, भय और वसूली का माहौल बन गया था, जिससे कर्मचारियों को परेशानी झेलनी पड़ती थी।

हालांकि, उन्होंने नई सरकार को आगाह भी किया कि तबादलों की कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध का रूप नहीं लेनी चाहिए। उनके अनुसार, सरकारी कार्यालयों को धमकी की संस्कृति से मुक्त रखना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन तबादले को बदले की कार्रवाई का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए।

नवान्न के इस फैसले को प्रशासनिक स्तर पर सत्ता परिवर्तन के बाद संगठनात्मक प्रभाव कम करने की दिशा में उठाए गए कदम के रूप में देखा जा रहा है।

खास बात यह है कि जिन नेताओं की तैनाती सचिवालय और कोलकाता के महत्वपूर्ण विभागों में थी, उन्हें अब राज्य के दूरस्थ जिलों और ब्लाक स्तर के कार्यालयों में भेजा गया है। इससे सरकारी कर्मचारी संगठनों और प्रशासन के बीच आने वाले दिनों में समीकरण बदलने के संकेत मिल रहे हैं।

यह भी पढ़ें- बंगाल में किसानों का पूरा फसल बीमा प्रीमियम भरेगी शुभेंदु सरकार, 23 नवंबर की कैबिनेट में लगेगी अंतिम मुहर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।