विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्या बंगाल में होगा बड़ा सियासी उलटफेर? निकाय चुनाव में बीजेपी के खिलाफ साथ आने की तैयारी में कांग्रेस-लेफ्ट

Published: Tue, 10 Nov 2026 02:08 PM (IST)

बंगाल निकाय चुनाव में भाजपा के खिलाफ कांग्रेस और माकपा के बीच संभावित गठबंधन की चर्चा तेज हो गई है, हालांकि दोनों दल अभी पहल का इंतजार कर रहे हैं।

(यह तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है)

(यह तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है)

HighLights

  1. भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकजुटता की नई पहल।

  2. माकपा-कांग्रेस गठबंधन पर असमंजस, पहल का इंतजार।

  3. निकाय चुनाव टलने से रणनीति बनाने का समय।

इंद्रजीत सिंह, कोलकाता। बंगाल में निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकजुटता की नई राजनीतिक पहल के संकेत मिलने लगे हैं। माकपा और कांग्रेस एक बार फिर करीब आने की संभावनाएं तलाश रही हैं, लेकिन गठबंधन की दिशा में पहल कौन करेगा, इसे लेकर दोनों दलों के बीच अभी असमंजस है।

माकपा ने कांग्रेस की ओर से प्रस्ताव आने का इंतजार करने का संकेत दिया है, वहीं कांग्रेस के भीतर भी वामदलों के साथ चुनावी तालमेल को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, दोनों दलों के बीच अभी औपचारिक बातचीत की शुरुआत नहीं हुई है।

दरअसल, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की ओर से निकाय चुनाव में भाजपा की जीत का दावा किए जाने के बाद विपक्षी दल अपनी रणनीति नए सिरे से तैयार कर रहे हैं।

कोलकाता, हावड़ा समेत विभिन्न नगर निकायों में चुनावी तैयारी के बीच माकपा और कांग्रेस को लग रहा है कि अलग-अलग चुनाव लड़ने से भाजपा विरोधी मतों का बंटवारा हो सकता है।

हालांकि, निकाय चुनाव की तारीखों पर फिलहाल विराम लगने से दोनों दलों को संगठनात्मक तैयारी और राजनीतिक समीकरणों पर विचार करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।

कांग्रेस में दिल्ली की सहमति लेने की तैयारी

कांग्रेस की आंतरिक बैठकों में ममता तृणमूल के साथ चुनाव लड़ने के बजाय वामदलों से तालमेल की संभावना पर विचार किया जा रहा है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने सुझाव दिया है कि फिलहाल भाजपा का मुकाबला करने के लिए माकपा के साथ समझौते की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। इसके लिए दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व की राय भी ली जा सकती है।

कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक ने भी संकेत दिया है कि प्रदेश नेतृत्व की ओर से प्रस्ताव आने पर केंद्रीय नेतृत्व से विचार-विमर्श किया जा सकता है। प्रदेश कांग्रेस ने कोलकाता के 209 वार्डों को ध्यान में रखकर चुनावी तैयारी शुरू कर दी है।

पांच सांगठनिक जिलों समेत संबंधित क्षेत्रों में पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। उम्मीदवारों के लिए आवेदन भी आने लगे हैं। पार्टी फिलहाल अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के साथ संभावित चुनावी तालमेल के विकल्प खुले रखना चाहती है।

माकपा को कांग्रेस की पहल का इंतजार

माकपा के राज्य नेतृत्व का कहना है कि जिलों में जरूरत के मुताबिक कांग्रेस के साथ बातचीत करने का संदेश पहले ही दिया जा चुका है। पार्टी भाजपा के खिलाफ लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष शक्तियों की एकजुटता की पक्षधर है। हालांकि, कांग्रेस पिछले कुछ समय से अकेले चुनाव लड़ती रही है, इसलिए अब उसकी ओर से पहल की प्रतीक्षा है।

माकपा के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने भी भाजपा के मुकाबले के लिए सभी संभावित लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष शक्तियों को एकजुट करने पर जोर दिया है। उनका कहना है कि वाम एकता मजबूत करते हुए व्यापक विपक्षी एकजुटता की दिशा में आगे बढ़ना होगा। साथ ही उन्होंने राजनीतिक अवसरवादियों को इस लड़ाई से दूर रखने की बात कही है।

अपने दम पर चुनाव लड़ने की तैयारी में लोकतांत्रिक तृणमूल

उधर, ऋतब्रत बनर्जी की लोकतांत्रिक तृणमूल फिलहाल अपने दम पर निकाय चुनाव लड़ने की तैयारी में है। वहीं, एनसीपीआइ की ओर से भाजपा के साथ गठबंधन का प्रस्ताव दिया गया है, लेकिन भाजपा नेतृत्व ने अब तक इसे स्वीकार नहीं किया है।

निकाय चुनाव की तारीखों पर कलकत्ता हाई कोर्ट के अंतरिम रोक के बाद राजनीतिक दलों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिला है। अदालत ने वार्ड परिसीमन से संबंधित याचिका के निपटारे तक कोलकाता नगर निगम चुनाव की अधिसूचना जारी करने पर रोक लगाई है।

यह भी पढ़ें- बंगाल: 'दीवाली के पटाखों से ठीक होती हैं कई बीमारियां', काली पूजा पर बीजेपी विधायक पापिया अधिकारी का दावा

यह भी पढ़ें- बंगाल में भाजपा का 70 प्रतिशत वोट शेयर का लक्ष्य, सीएम शुभेंदु ने बताई पूरी रणनीति

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।