बंगाल: स्कूलों में उत्साह के साथ मना संविधान दिवस, संप्रभुता और धर्मनिरपेक्षता बनाए रखने की ली शपथ
पश्चिम बंगाल के स्कूलों में संविधान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया, जहां छात्रों और शिक्षकों ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया।

स्कूल में संविधान दिवस मनाते हुए बच्चों की तस्वीर (जागरण)
HighLights
पश्चिम बंगाल के स्कूलों में संविधान दिवस उत्साह से मनाया गया।
छात्रों और शिक्षकों ने मिलकर संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया।
संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखने की शपथ ली गई, प्रतियोगिताएं हुईं।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। देश के संविधान के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का संदेश देने के लिए गुरुवार को पश्चिम बंगाल के विभिन्न स्कूलों की प्रार्थना सभा में संविधान दिवस मनाया गया।
इस अवसर पर नदिया के कल्याणी स्थित पन्नालाल इंस्टीट्यूशन, कोलकाता के बेथुन कालेजिएट स्कूल और दक्षिण 24 परगना के कृष्णचंद्रपुर हाईस्कूल सहित राज्य के कई शिक्षण संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुए।
सभी ने मिल कर पढ़ा संविधान का पाठ
शिक्षकों और छात्रों ने मिलकर पढ़ा संविधान का पाठ प्रार्थना सभा के दौरान शिक्षकों और छात्रों ने एक साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया। बेथुन कालेजिएट स्कूल में शिक्षिका मौसमी दत्त ने सबसे पहले प्रस्तावना पढ़ी, जिसके बाद अन्य शिक्षकों और छात्राओं ने इसे दोहराया।
आदर्श मूल्यों का पालन करने की ली शपथ
कृष्णचंद्रपुर हाईस्कूल के प्रधानाध्यापक चंदन माइती ने बताया कि सभी ने संविधान के मूल आदर्शों, मूल्यों और नीतियों का पालन करने की शपथ ली। छात्रों को देश की संप्रभुता, समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता और लोकतांत्रिक चरित्र को अक्षुण्ण रखने के लिए प्रेरित किया गया।

रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से दिया जागरूकता का संदेश
केंद्रीय दिशानिर्देशों के तहत राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को यह दिवस मनाने का निर्देश दिया था। इसके अंतर्गत प्रस्तावना पाठ के साथ-साथ चित्रकला, पोस्टर, बुकमार्क, बैज और कोलाज बनाने जैसी रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी हुआ। इसके अलावा संविधान सभा के प्रमुख सदस्यों जैसे डॉ. बीआर अंबेडकर, राजेंद्र प्रसाद और जवाहरलाल नेहरू के जीवन और योगदान पर चर्चा की गई। गौरतलब है कि 26 नवंबर 1949 को भारत का संविधान अपनाया गया था, जिसकी याद में हर साल यह दिन मनाया जाता है।