बंगाल भाजपा अध्यक्ष का कोलकाता के मिशनरी स्कूल में पाकिस्तानी झंडा रखने का आरोप, सख्त कार्रवाई की चेतावनी
बंगाल भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कोलकाता के एक मिशनरी स्कूल में पाकिस्तानी झंडा मिलने और ईसाई कॉलेज पर मतांतरण का आरोप लगाया है।

बंगाल भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य।
HighLights
मिशनरी स्कूल में पाकिस्तानी झंडा मिलने का आरोप लगाया।
ईसाई कॉलेज पर हिंदुओं के मतांतरण में शामिल होने का आरोप।
भाजपा ने भारतीय संस्कृति के अपमान पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य शमिक भट्टाचार्य ने ईसाई मिशनरी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोलकाता के एक मिशनरी स्कूल में पाकिस्तानी झंडा रखा गया है।
साथ ही, एक प्रतिष्ठित ईसाई कालेज के प्राचार्य पर आसनसोल-बर्द्धमान क्षेत्र में हिंदुओं के मतांतरण की गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया।
'भगवा रंग का अपमान स्वीकार नहीं'
कोलकाता में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की गतिविधियों को राज्य में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ईसाई समुदाय और मिशनरी संस्थानों को अपने धर्म का प्रचार करने की स्वतंत्रता है, लेकिन इसके नाम पर भारतीय संस्कृति और भगवा रंग का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा।
'अब ब्रिटिश शासन नहीं'
उन्होंने कहा कि भारत में अब ब्रिटिश शासन नहीं है और बंगाल में स्वतंत्र सरकार है। शमिक ने कहा कि संबंधित स्कूल के अधिकारी को अपनी कार्यशैली सुधारनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि राज्य में ऐसी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उनके मुताबिक, शिक्षण संस्थानों में ईसाई धर्म की पढ़ाई स्वेच्छा से कराई जा सकती है, लेकिन दबाव डालकर मतांतरण या भारतीय संस्कृति और हिंदू धर्म के खिलाफ गतिविधियां स्वीकार नहीं होंगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा शिक्षण संस्थानों में राजनीतिक हस्तक्षेप के पक्ष में नहीं है, लेकिन जबरन मतांतरण और सांस्कृतिक विरोध के मामलों में संबंधित संस्थानों और संचालकों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
यह भी पढ़ें: 'गुंडागर्दी और पुलिस पर गोली चलाना बर्दाश्त नहीं', सीएम शुभेंदु का अपराध के खिलाफ सख्त रुख