'गुंडागर्दी और पुलिस पर गोली चलाना बर्दाश्त नहीं', सीएम शुभेंदु का अपराध के खिलाफ सख्त रुख
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बीरभूम में पुलिस पर हमले के आरोपी की मौत के बाद अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है।

गुंडागर्दी और पुलिस पर गोली चलाना बर्दाश्त नहीं।
HighLights
सीएम शुभेंदु अधिकारी ने अपराध और गुंडागर्दी पर सख्त रुख अपनाया।
पुलिस पर गोली चलाने वालों को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
बीरभूम में पुलिस पर हमले के आरोपी की मौत के बाद बयान।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बीरभूम जिले के नानूर में पुलिस पर हमले के आरोपित रतन शेख की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक बार फिर अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपनाने का संदेश दिया है।
सोमवार को अपने गृह जिले पूर्व मेदिनीपुर में जिला पुलिस के एक कार्यक्रम में उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध करने वालों को उसका परिणाम भुगतना होगा। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि कोई गुंडागर्दी न करे, पुलिस पर गोली न चलाए और कानून अपने हाथ में लेने की कोशिश न करे। ऐसा करने वालों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा, "गुंडागर्दी मत कीजिए। पुलिस पर गोली मत चलाइए। इसका परिणाम बहुत बुरा होगा। कानून अपने हाथ में मत लीजिए।" मेदिनीपुर में जिला परिषद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न निजी कंपनियों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे।