बंगाल भाजपा में बेलगाम बयानबाजी से बढ़ी मुश्किलें, निर्देशों की अनदेखी करने वाले नेताओं पर सख्त कार्रवाई की तैयारी
बंगाल भाजपा में मंत्रियों और नेताओं की बेलगाम बयानबाजी से पार्टी की मुश्किलें बढ़ गई हैं, जिससे संगठनात्मक अनुशासन और छवि पर सवाल उठ रहे हैं।

प्रतीकात्मक फोटो। चित्र: सोशल मीडिया
HighLights
बंगाल भाजपा नेताओं की बेलगाम बयानबाजी से पार्टी की मुश्किलें बढ़ीं।
निर्देशों के बावजूद मंत्री लगातार दे रहे हैं विवादित सार्वजनिक बयान।
पार्टी अब निर्देशों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई करेगी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्तारूढ़ भाजपा के मंत्रियों और नेताओं के लगातार विवादित बयानों ने पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सरकार और संगठन की ओर से सार्वजनिक बयान देने के लिए तीन मंत्रियों को अधिकृत करने तथा दूसरे नेताओं को इस संबंध में संयम बरतने का निर्देश देने के बावजूद बयानबाजी थम नहीं रही है। इससे राज्य भाजपा की छवि और संगठनात्मक अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
अब पार्टी ऐसे नेताओं और मंत्रियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने पर विचार कर रही है, जो बार-बार निर्देशों की अनदेखी कर रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व बंगाल के प्रभारी सुनील बंसल की मौजूदगी में हाल में यहां हुई संगठनात्मक बैठक में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और तीन मंत्रियों के अलावा किसी अन्य नेता को पार्टी या सरकार की ओर से सार्वजनिक बयान नहीं देने का निर्देश दिया गया था।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सरकार और प्रशासन से जुड़े मामलों पर मीडिया में प्रतिक्रिया देने की जिम्मेदारी मंत्री तापस राय, दीपक बर्मन और उमेश राय को सौंपी है। इसके बावजूद कई मंत्री और विधायक अलग-अलग मुद्दों पर बयान दे रहे हैं।
बांग्लादेश से लेकर मुठभेड़ तक के बयान बने परेशानी
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष के कई बयानों ने पार्टी को असहज किया है। उन्होंने बंगाल को उत्तर प्रदेश और गुजरात जैसा बनाने की बात कही थी। मुठभेड़ को लेकर उनकी टिप्पणी पर विवाद हुआ था।
इसके अलावा बांग्ला फिल्मों की गुणवत्ता और टालीवुड के कलाकारों पर उनकी टिप्पणियां भी चर्चा में रहीं। इस बीच परिवहन व श्रम मंत्री अर्जुन सिंह के बुधवार को दिए बयान कि 16 दिसंबर तक हम बांग्लादेश पर कब्जा कर लेंगे, को लेकर भी खासा विवाद खड़ा हुआ।
यह टिप्पणी सीमा पार तक चर्चा में रही। सिंह ने 24 नवंबर को देव दीपावली के अवसर पर उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा में गंगा आरती के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि जिस तरह पड़ोसी देश में हिंदुओं पर हमले और हत्याएं हो रही हैं, उसका बदला हम जरूर लेंगे और उन्होंने 16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर कब्जा करने की बात कही थी।
वहीं, स्वास्थ्य मंत्री डा. शारद्वत मुखोपाध्याय की हाल में ऋतब्रत बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस को लेकर की गई राजनीतिक टिप्पणी ने भी भाजपा को असहज किया। उन्होंने ऋतब्रत खेमे को भाजपा की 'बी टीम' बताया था।
पार्टी के भीतर माना जा रहा है कि इस तरह के बयान विपक्ष को सरकार और भाजपा पर हमला करने का मौका दे रहे हैं। इससे अनुशासित पार्टी होने की भाजपा की छवि भी प्रभावित हो रही है। सूत्रों के अनुसार, अब एक-दो नेताओं या मंत्रियों के खिलाफ उदाहरण पेश करने वाली कार्रवाई के विकल्प पर विचार किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- 20 साल की साहित्य साधना का सम्मान: जबलपुर की बाबुषा कोहली को मिलेगा निर्मल वर्मा पुरस्कार
इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने भी पिछले दिनों बंद कमरे में हुई बैठक में मंत्रियों की ओर से मीडिया के सामने अनावश्यक बयानबाजी पर नाराजगी जताई थी। लेकिन इसके बाद भी विवादित टिप्पणियों का सिलसिला जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।