बंगाल 7वां वेतन आयोग: कर्मचारियों ने न्यूनतम मूल वेतन को 65 हजार रुपये करने की मांग की
बंगाल में सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लेकर सरकारी कर्मचारियों में न्यूनतम मूल वेतन 65 हजार रुपये करने की मांग तेज हो गई है।

न्यूनतम मूल वेतन 65 हजार रुपये तक करने की मांग (जागरण)
HighLights
कर्मचारी 3.8 से 3.83 गुणक की मांग कर रहे हैं।
न्यूनतम मूल वेतन 65 हजार रुपये तक पहुंचने का अनुमान।
सुझाव जमा करने की समयसीमा 30 नवंबर तक बढ़ी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लेकर राज्य के सरकारी कर्मचारियों के बीच चर्चा तेज हो गई है। सबसे अधिक उत्सुकता इस बात को लेकर है कि नए वेतनमान में न्यूनतम मूल वेतन कितना होगा।
कर्मचारी संगठनों ने इसके लिए पुराने मूल वेतन को 3.8 से 3.83 गुणा करने की मांग की है। संगठनों का दावा है कि उनकी मांग स्वीकार होने पर न्यूनतम मूल वेतन करीब 65 हजार रुपये तक पहुंच सकता है।
हालांकि, यह अभी केवल कर्मचारी संगठनों का अनुमान है। आयोग या राज्य सरकार ने नए वेतनमान को लेकर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है।
पिछले वेतन आयोग में केंद्र और राज्य, दोनों ने 2.57 फिटमेंट फैक्टर निर्धारित किया था। इसके आधार पर पांचवें वेतन आयोग की तुलना में छठे वेतन आयोग में मूल वेतन 2.57 गुणा किया गया था। राज्य सरकारी कर्मचारियों का न्यूनतम मूल वेतन 17 हजार रुपये निर्धारित हुआ था।
इस बार केंद्र के आठवें वेतन आयोग के समक्ष केंद्रीय कर्मचारी संगठनों ने 3.83 गुणक की मांग की है। इसी तर्ज पर बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद गठित सातवें वेतन आयोग के समक्ष कर्मचारी परिषद, कन्फेडरेशन आफ स्टेट गवर्नमेंट एम्प्लाइज और को- आर्डिनेशन कमेटी ने भी 3.8 से 3.83 गुणक की मांग रखी है।
वहीं, बंगीय सचिवालय कर्मचारी संघ ने 3.5 गुणक की मांग की है। कर्मचारी नेताओं के एक वर्ग को आशंका है कि यदि राज्य का वेतन आयोग केंद्र से पहले अपनी सिफारिशें सौंपता है, तो वेतन बढ़ाने का गुणक कम हो सकता है।
30 नवंबर तक जमा कर सकेंगे सुझाव
सातवें वेतन आयोग के समक्ष सुझाव और जानकारी जमा करने की समयसीमा हाल में 30 नवंबर तक बढ़ा दी गई है। राज्य के विभिन्न विभागों के सरकारी कर्मचारी और पेंशनभोगी वेतन, भत्ते, पदोन्नति और सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली सुविधाओं से संबंधित अपने सुझाव दे सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि सुझाव केवल उसकी वेबसाइट के माध्यम से जमा किए जा सकेंगे।
यह होता है वेतन बढ़ाने का गुणक
वेतन बढ़ाने का गुणक यानी फिटमेंट फैक्टर वह संख्या है, जिससे पुराने मूल वेतन को गुणा करके नया मूल वेतन तय किया जाता है।
उदाहरण के लिए, यदि किसी कर्मचारी का वर्तमान मूल वेतन 10 हजार रुपये है और गुणक 2.57 निर्धारित होता है, तो नया मूल वेतन 25,700 रुपये होगा। इसी तरह, यदि किसी कर्मचारी का वर्तमान मूल वेतन 17 हजार रुपये है और गुणक 3.83 होता है, तो उसका नया मूल वेतन 65,110 रुपये होगा।
इसी आधार पर कर्मचारी संगठन दावा कर रहे हैं कि 3.83 गुणक लागू होने पर न्यूनतम मूल वेतन करीब 65 हजार रुपये हो सकता है। हालांकि, वास्तविक वेतन वृद्धि आयोग की सिफारिश और सरकार के अंतिम निर्णय पर निर्भर करेगी।
डीए 60 प्रतिशत तक पहुंच सकता है
कर्मचारियों के एक वर्ग का कहना है कि सातवें वेतन आयोग के लागू होने से पहले महंगाई भत्ता (डीए) 60 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। ऐसी स्थिति में वेतन बढ़ाने का गुणक 2 या 2.1 रहने की संभावना जताई जा रही है।
कन्फेडरेशन ऑफ स्टेट गवर्नमेंट एम्प्लाइज के महासचिव मलय मुखोपाध्याय ने कहा कि उनके संगठन ने 3.8 गुणक की मांग की है, क्योंकि केंद्रीय कर्मचारी संगठन भी इसी दर की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि डीए बढ़ाकर ही वेतन आयोग लागू किया जाएगा। यदि केंद्र की दर से वेतन वृद्धि होती है, तो भी संगठन को कोई आपत्ति नहीं है। सरकारी कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष देवाशीष शील ने भी कहा कि उनके संगठन ने 3.8 गुणक की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।