उत्तर 24 परगना में 20 साल से अवैध रूप से रह रहे 3 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, बांग्लादेश के वोटर कार्ड्स भी बरामद
उत्तर 24 परगना के निमता में एसआईआर जांच के दौरान एक बांग्लादेशी परिवार को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से बांग्लादेशी वोटर कार्ड मिले हैं।
-1795886810670_m.webp)
एसआईआर के दौरान बांग्लादेशी नागरिक पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार। प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
निमता में एसआईआर जांच के दौरान तीन बांग्लादेशी गिरफ्तार।
गिरफ्तार परिवार से बांग्लादेशी वोटर कार्ड बरामद किए गए।
उन्होंने 20 साल पहले अवैध रूप से भारत आने की बात कबूली।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। एसआईआर से जुड़ी जानकारी जुटाने के दौरान उत्तर 24 परगना के निमता थाना क्षेत्र से तीन बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें पति, पत्नी और उनका बेटा शामिल हैं।
पुलिस ने उनके पास से बांग्लादेश के वोटर कार्ड बरामद किए। घटना शुक्रवार को निमता के बड़ा फिंगा इलाके में हुई।
तीनों बांग्लादेशी नागरिकों की हुई पहचान
पुलिस सूत्रों के अनुसार एसआईआर संबंधी जानकारी जुटाते समय एक परिवार की गतिविधियों पर संदेह हुआ। पूछताछ और दस्तावेजों की जांच में पता चला कि तीनों मूल रूप से बांग्लादेश के खुलना जिले के रहने वाले हैं।
वे बिना वैध दस्तावेजों के निमता में किराये के मकान में रह रहे थे। उनकी पहचान 60 वर्षीय लियाकत अली मोल्ला, उनकी पत्नी नार्गिस बीबी और बेटे हुमायूं कबीर मोल्ला के रूप में हुई है।
20 साल से भारत में रह रहे थे बांग्लादेशी नागरिक
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में तीनों ने करीब 20 साल पहले अवैध तरीके से सीमा पार कर भारत आने की बात स्वीकार की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसआईआर के तहत जानकारी जुटाने को लेकर पहले से विवाद चल रहा है और मामला अदालत तक पहुंच चुका है।