'दीदी...कांग्रेस के साथ रहोगी तो स्थिति और खराब हो जाएगी', अमित शाह ने ममता बनर्जी को दी चेतावनी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के खाता न खुलने और असम में सबसे बड़ी हार का दावा किया।
HighLights
बंगाल में कांग्रेस का खाता नहीं खुलेगा: अमित शाह।
खरगे के 'आतंकवादी' बयान पर पीएम मोदी का बचाव।
टीएमसी गुंडों को चेतावनी, 4 मई को ममता की विदाई।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए दावा किया कि बंगाल विधानसभा चुनाव में उसका खाता भी नहीं खुलेगा। साथ ही कहा कि असम में कांग्रेस की अब तक की सबसे बड़ी हार होनी वाली है।
कोलकाता से सटे दमदम में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि कांग्रेस कई राज्यों में करारी हार की ओर बढ़ रही है। तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी कांग्रेस दो अंकों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी।
अमित शाह ने ममता बनर्जी पर बोला हमला
शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि दीदी आप इसी कांग्रेस के साथ बैठी हैं। आपकी स्थिति भी और खराब होने वाली है।
शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भी घेरा। कांग्रेस की कड़ी आलोचना करते हुए शाह ने कहा कि खरगे ने पीएम मोदी को आतंकवादी कहकर सार्वजनिक आचरण की सभी सीमाएं लांघ दी है और देश को शर्मिंदा किया है।
शाह ने कहा कि पिछले 12 साल में देश में आतंकवाद का खात्मा करने वाले नरेंद्र मोदी जैसे नेता को कांग्रेस अध्यक्ष आतंकवादी कह रहे हैं। राहुल बाबा के साथ रहकर खरगे की भी भाषा बिगड़ने लगी है। उस पीएम को खरगे ने आतंकवादी कहा है, जिन्होंने उरी में आतंकी हमले के बाद सर्जिकल स्ट्राइक से और पहलगाम पर हमला हुआ तो ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान को जवाब दिया। केंद्र में जब कांग्रेस और टीएमसी गठबंधन वाली सरकार थी तो आतंकवादियों को बिरयानी खिलाया जाता था।
शाह ने आक्रामक अंदाज में कहा- सुनो राहुल बाबा... पीएम मोदी पर जितनी गालियां बरसाओगे, जितना कीचड़ उछालोगे, कमल उतना ही अधिक शान से खिलेगा। जब भी कांग्रेस, पीएम मोदी के खिलाफ अपशब्द कहती है, तो भारत की जनता ही उन्हें जवाब देती है। इस बार भी जनता ही जवाब देगी।
टीएमसी के गुंडे 29 अप्रैल तक बाहर मत निकलें
शाह ने आगे कहा कि टीएमसी के गुंडे हर चुनाव में घर-घर जाकर लोगों को डराते हैं कि मतदान के दिन बाहर मत निकलना, नहीं तो बाद में तकलीफ होगी। मैं भी टीएमसी के गुंडों से कहना चाहता हूं, 29 अप्रैल तक बाहर मत निकलना, नहीं तो बहुत तकलीफ होगी।
शाह ने स्पष्ट कहा कि अगर इस बार 23 व 29 अप्रैल मई को मतदान के दिन टीएमसी का एक भी गुंडा बाहर निकलकर ऐसी हिमाकत की तो पांच मई के बाद उल्टा लटकाकर सीधा किया जाएगा।
चार मई को हो जाएगी ममता दीदी की विदाई
शाह ने दावा किया कि चार मई को बंगाल से ममता दीदी की विदाई हो जाएगी। कहा- चार मई को सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। नौ बजे पहला राउंड आएगा, 10 बजे दूसरा राउंड आएगा, और दोपहर एक बजे तक गिनती समाप्त होते-होते ममता दीदी का टाटा-बाय-बाय हो जाएगा।
लोगों से आह्वान उन्होंने किसी को विधायक या भाजपा सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि घुसपैठिया मुक्त बंगाल बनाने के लिए वोट डालने का आह्वान किया। कहा- अब समय आ गया है कि ममता बनर्जी को सत्ता से बेदखल किया जाए, जो मां, माटी, मानुष के नारे की आड़ में आतंक की राजनीति कर रही हैं। उनका एकमात्र उद्देश्य अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाना है।
