बंगाल में SIR के नाम पर पुलिस की समानांतर जांच पर अधीर रंजन चौधरी ने उठाए सवाल, CEO से की हस्तक्षेप की मांग
अधीर रंजन चौधरी ने बंगाल में मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान पुलिस द्वारा दस्तावेज मांगने पर सवाल उठाए हैं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी
HighLights
पुलिस की मतदाता सूची पुनरीक्षण में भूमिका पर अधीर रंजन ने सवाल उठाए।
अधीर ने लोगों से बिना कानूनी आधार दस्तावेज न देने की अपील की।
उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान नाम कटने की आशंका वाले मतदाताओं से दस्तावेज जुटाने में पुलिस की भूमिका को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने राज्य सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा है।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी लिखित सरकारी निर्देश या कानूनी आधार के बिना पुलिस और सिविक वालंटियरों को अपने निजी दस्तावेज न सौंपें। इस मामले में उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ), बंगाल को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग भी की है।
इस दिन मुर्शीदाबाद के बहरमपुर स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में अधीर ने आरोप लगाया कि पुलिस और सिविक वालंटियर एसआइआर के नाम पर लोगों के घर पहुंचकर प्रमाणपत्र और जमीन के दस्तावेज मांग रहे हैं। लोगों को थाने भी बुलाया जा रहा है, जिससे भय और अनिश्चितता का माहौल बन रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या पुलिस को घर-घर जाकर दस्तावेजों की जांच करने का अधिकार दिया गया है?
अधीर ने 23 नवंबर को पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी निर्देश का उल्लेख करते हुए कहा कि उसमें घर-घर जाकर सत्यापन करने की स्पष्ट अनुमति नहीं है। उन्होंने सरकार से उसी दिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जारी निर्देशों को सार्वजनिक करने की मांग की। उनका सवाल है कि जब मतदाताओं की अपील न्यायाधिकरणों में लंबित हैं तो राज्य पुलिस समानांतर सत्यापन कैसे कर सकती है?
उन्होंने कहा कि भारत संवैधानिक लोकतंत्र है, पुलिस राज नहीं। संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत चुनाव आयोग को अपने अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए नागरिकों को मनमानी प्रशासनिक कार्रवाई से बचाना चाहिए। मतदान का अधिकार सरकार की कृपा नहीं है। लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनकी लड़ाई अदालत के भीतर और बाहर जारी रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।