'सिंगुर-नंदीग्राम की नाकामी से गिरी थी वाममोर्चा सरकार', अधीर रंजन चौधरी का दावा
वाममोर्चा शासन के दौरान बंगाल की नई उद्योग नीति और भूमि अधिग्रहण पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

सिंगुर-नंदीग्राम की विफलता से वाममोर्चा सरकार सत्ता से हटी (फाइल फोटो)
HighLights
सिंगुर-नंदीग्राम की विफलता से वाममोर्चा सरकार सत्ता से हटी।
शुभेंदु अधिकारी ने भी भूमि अधिग्रहण पर आरोप लगाए।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की नयी उद्योग नीति को लेकर वाममोर्चा शासन के दौरान हुए भूमि अधिग्रहण पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के बाद अब कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी तत्कालीन मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की औद्योगिक नीति और उसे लागू करने के तरीके पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सिंगुर और नंदीग्राम दोनों ही प्रयोग विफल रहे और इन्हीं के कारण वाममोर्चा सरकार को सत्ता गंवानी पड़ी।
सिंगुर-नंदीग्राम की घटनाएं बनी सत्ता जाने की वजह
अधीर ने बुद्धदेव की औद्योगिक सोच की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने समझ लिया था कि अब कृषि से उद्योग की ओर बढ़ने का समय है। लेकिन इस बदलाव के लिए वे जनता को साथ नहीं ले सके। इसी वजह से उनकी कोशिश उलटी पड़ गई।
अधीर ने कहा कि सिंगुर और नंदीग्राम की घटनाएं नहीं होतीं तो वाम सरकार का सत्ता से जाना भी शायद तय नहीं होता।
इससे पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया था कि 2007 में बुद्धदेव भट्टाचार्य ने हल्दिया विकास प्राधिकरण के भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना जारी करने के कानूनी अधिकार पर सवाल स्वीकार किया था। उनके अनुसार, 14 मार्च 2007 को नंदीग्राम में हुई हिंसक घटना के पीछे भी इसी प्रक्रिया की अनदेखी थी।
वहीं, वाममोर्चा चेयरमैन विमान बसु ने बुद्धदेव का बचाव करते हुए कहा है कि वाममोर्चा सरकार की औद्योगिक नीति ज्योति बसु के नेतृत्व में बनी थी और बुद्धदेव को उसे लागू करने की जिम्मेदारी मिली थी। उनके इस बयान पर माकपा के भीतर भी चर्चा है।
माना जा रहा है कि तत्कालीन राज्य सचिव के रूप में विमान बसु की भूमिका पर उठ सकने वाले सवालों के कारण उन्होंने जिम्मेदारी ज्योति बसु के नेतृत्व वाली सरकार पर डाली। हालांकि, इस पर माकपा नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।