कोलकाता से मुंबई जाने वाली एअर इंडिया फ्लाइट हाईजैक की धमकी मामले में एक्शन, एक यात्री गिरफ्तार
कोलकाता से मुंबई जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी के मामले में एक यात्री को पकड़ा गया है।

फ्लाइट हाईजैक की धमकी मामले में एक गिरफ्तारी।
HighLights
एअर इंडिया फ्लाइट में हाईजैक की धमकी के बाद यात्री गिरफ्तार।
कोलकाता से मुंबई जा रही उड़ान में मिला था धमकी भरा संदेश।
सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय कर विमान की गहन जांच की गई।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। कोलकाता से मुंबई जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिलने के मामले में एक यात्री को पकड़कर एयरपोर्ट पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएससीबीआई) की ओर से गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी पुष्टि की गई है। यात्री को बुधवार की घटना के सिलसिले में पकड़ा गया है और आगे की कार्रवाई के लिए एनएससीबीआई एयरपोर्ट थाने को सौंप दिया गया है।
उड़ान भरने से ठीक पहले मिला धमकी भरा संदेश
गौरतलब है कि बुधवार सुबह एअर इंडिया की फ्लाइट AI 2772 कोलकाता से मुंबई के लिए रवाना होने वाली थी। उड़ान भरने से ठीक पहले विमान के शौचालय में हाईजैक की धमकी से जुड़ा एक संदेश मिला था। सुबह करीब 10:37 बजे केबिन क्रू की नजर इस संदेश पर पड़ी। इसके बाद तत्काल सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिया गया और विमान को टेकऑफ से रोककर आइसोलेशन बे में ले जाया गया।
विमान में सवार सभी 105 यात्रियों को नीचे उतारा गया। इसके बाद विमान, यात्रियों और उनके सामान की सुरक्षा एजेंसियों ने गहन जांच की। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। सभी आवश्यक सुरक्षा प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद विमान को उड़ान की अनुमति दी गई।
सुबह की फ्लाइट ने शाम को भरी उड़ान
निर्धारित समय से करीब सात घंटे की देरी के बाद विमान ने शाम 5:38 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरी। अब इस मामले में एक यात्री को पकड़े जाने और एयरपोर्ट पुलिस के हवाले किए जाने से जांच को नया मोड़ मिला है। हालांकि, जारी प्रेस विज्ञप्ति में पकड़े गए यात्री की पहचान और धमकी में उसकी कथित भूमिका को लेकर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।