विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग को लिखा पत्र, पार्टी के दस्तावेज और हलफनामे लूटे जाने की जताई आशंका

Published: Thu, 12 Nov 2026 09:09 PM (IST)

अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर आशंका जताई है कि तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिह्न और पार्टी पर अधिकार संबंधी दस्तावेज लूटे जा सकते हैं।

अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखी

अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखी

HighLights

  1. अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर जताई आशंका।

  2. तृणमूल कांग्रेस के महत्वपूर्ण दस्तावेज लूटे जाने का डर।

  3. आवास पर हमले, निगरानी का आरोप, सुरक्षा की मांग।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिह्न और पार्टी पर अधिकार को लेकर चल रही लड़ाई अब और गंभीर होती दिख रही है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी ने आशंका जताई है कि चुनाव आयोग के समक्ष ममता तृणमूल को वास्तविक तृणमूल कांग्रेस साबित करने के लिए तैयार किए जा रहे दस्तावेज और हलफनामे लूटे जा सकते हैं।

इस संबंध में उन्होंने गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पत्र भेजकर सुरक्षा और दस्तावेजों की हिफाजत सुनिश्चित करने की मांग की है। अभिषेक की ओर से उनके अधिवक्ता अर्क कुमार नाग ने यह पत्र मुख्य चुनाव आयुक्त के अलावा दोनों चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी को भी भेजा है। पत्र की प्रतियां ममता बनर्जी, कोलकाता पुलिस आयुक्त और राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भी दी गई हैं।

आवास पर हमले और पुलिस वाहनों से निगरानी का आरोप

अभिषेक के अधिवक्ता की ओर से भेजे गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि छह और सात नवंबर की दरम्यानी रात कुछ अज्ञात लोगों ने उनके कालीघाट स्थित आवास और कार्यालय पर हमला किया था।

अभिषेक की ओर से इसे सामान्य घटना नहीं, बल्कि चुनाव आयोग के समक्ष प्रस्तुत किए जाने वाले ममता तृणमूल के हलफनामों और महत्वपूर्ण दस्तावेजों पर कब्जा करने की कथित सुनियोजित साजिश बताया गया है।

पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमले से पहले पुलिस की गाड़ियों का इस्तेमाल कर कुछ अज्ञात लोगों ने आवास परिसर की रेकी की और तस्वीरें लीं। 10 और 11 नवंबर को भी इसी तरह की निगरानी किए जाने का दावा किया गया है।

अभिषेक के अधिवक्ता ने गुरुवार सुबह की एक अन्य घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकारी अधिकारी उनके आवास के बाहर पहुंचे और पुलिस की ओर से लगाया गया सुरक्षा गेट तोड़ दिया।

उनका कहना है कि पहले हुए हमले और लगातार निगरानी की घटनाओं के बीच सुरक्षा गेट हटाए जाने से सांसद की सुरक्षा और चुनाव आयोग के समक्ष विचाराधीन मामले से जुड़े दस्तावेजों की हिफाजत को लेकर चिंता बढ़ गई है।

ऋतब्रत ने भी चुनाव आयोग को भेजे जाने वाले दस्तावेजों की लूट की जताई थी आशंका

गौरतलब है कि इससे पहले 26 अक्टूबर को डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस के नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी ने भी चुनाव आयोग को भेजे जाने वाले दस्तावेजों की लूट की आशंका जताई थी।

उन्होंने आरोप लगाया था कि पार्टी से जुड़े हलफनामे और दस्तावेज सड़क मार्ग से दिल्ली ले जाए जाने के दौरान उनके वाहन पर हमला कर कागजात छीनने की कोशिश की गई।

इस मामले में उन्होंने ममता बनर्जी समर्थक खेमे पर आरोप लगाए थे। अब अभिषेक की ओर से भी इसी तरह की आशंका जताए जाने से दोनों खेमों के बीच पार्टी पर अधिकार की लड़ाई और तीखी हो गई है।

यह भी पढ़ें- बंगाल: अभिषेक बनर्जी की Z+ सुरक्षा घटाने के मामले में हाई कोर्ट का फैसला सुरक्षित, प्रशासन की समीक्षा प्रक्रिया पर सवाल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।