विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता पुलिस पर अभिषेक बनर्जी ने लगाया FIR की तारीख बदलने का आरोप, कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग

Published: Fri, 20 Nov 2026 03:58 PM (IST)

कलकत्ता हाई कोर्ट से अवमानना नोटिस मिलने के बाद अभिषेक बनर्जी ने पश्चिम बंगाल सीआईडी और डायमंड हार्बर पुलिस पर भाजपा नेताओं के साथ मिलकर फर्जी मामले बनाने का आरोप लगाया। 

सांसद अभिषेक बनर्जी की तस्वीर (पीटीआई)।

सांसद अभिषेक बनर्जी की तस्वीर (पीटीआई)।

HighLights

  1. पुलिस पर भाजपा नेताओं संग मिलकर फर्जी मामले बनाने का आरोप।

  2. डायमंड हार्बर थाने की एफआईआर में तारीख बदलने का दावा किया।

  3. न्यायिक निगरानी में सीसीटीवी फुटेज, दस्तावेजों की जांच की मांग।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। न्यायपालिका की निष्पक्षता पर टिप्पणी को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट से अवमानना का नोटिस मिलने के एक दिन बाद डायमंड हार्बर के सांसद और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने एक बार फिर न्यायिक हस्तक्षेप की मांग की है।

इंटरनेट मीडिया पर गुरुवार देर रात एक लंबा पोस्ट जारी कर उन्होंने पश्चिम बंगाल सीआइडी और डायमंड हार्बर पुलिस के कुछ अधिकारियों पर भाजपा नेताओं के साथ मिलीभगत कर फर्जी आपराधिक मामले तैयार करने का गंभीर आरोप लगाया।

सीसीटीवी और डायरी सुरक्षित रखने की मांग

अभिषेक बनर्जी ने संबंधित पुलिस थाने के सीसीटीवी फुटेज, एफआईआर, जनरल डायरी और केस डायरी समेत सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रखने तथा उनकी न्यायिक निगरानी में जांच कराने की मांग की है।

एफआईआर में तारीख बदलने का दावा

अभिषेक का दावा है कि डायमंड हार्बर थाने में दर्ज 374 नंबर का मामला कागजों में 15 अगस्त का दिखाया गया, जबकि इसकी प्राथमिकी तैयार करने की योजना 16 अगस्त को बनी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वास्तविक घटनाक्रम छिपाने के लिए प्राथमिकी को पिछली तारीख में दर्ज दिखाया गया। उनके मुताबिक, 16 अगस्त को सीआईडी के जांच अधिकारी राजा नस्कर, शिकायतकर्ता सैयदा सकीना यास्मीन, भाजपा नेता भास्कर मंडल और डायमंड हार्बर थाने के आइसी प्रसेनजीत कर के बीच बैठक हुई थी।

कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग

इसी बैठक में कथित तौर पर शिकायत तैयार कर थाने के प्रिंटर से निकाली गई और प्राथमिकी दर्ज कराने की योजना बनाई गई। अभिषेक ने इस दिन के थाने के सभी सीसीटीवी फुटेज तत्काल सुरक्षित रखने और अदालत की निगरानी में उनकी जांच कराने की मांग की है।

सुमित राय को फंसाने की साजिश का भी आरोप

अभिषेक ने अपने पोस्ट में सीआईडी की हिरासत में गिरफ्तार मसूद दफतरी से पूछताछ का भी उल्लेख किया है। उनका आरोप है कि मसूद पर मानसिक दबाव डालकर उनके निजी सहायक सुमित राय के खिलाफ झूठा बयान दिलाने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस पर दबाव डालने का आरोप

उन्होंने दावा किया कि सुमित को उस्ती थाने से निकालकर दो अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया, लेकिन उसके खिलाफ कोई कथित साक्ष्य नहीं मिलने पर उसे भी डायमंड हार्बर थाने लाकर मसूद के साथ बैठा दिया गया। अभिषेक ने आशंका जताई है कि अदालत में पेशी से पहले सुमित को 15 अगस्त वाले मामले में फंसाने की तैयारी हो रही है।

शमीम अहमद के राजनीतिक पाला बदलने से भी जोड़ा मामला

तृणमूल सांसद ने मगराहाट पश्चिम के विधायक शमीम अहमद से जुड़े घटनाक्रम को भी इस पूरे मामले से जोड़ा है। उनका दावा है कि पिछले छह महीने में पुलिस ने शमीम को कभी तलब नहीं किया, लेकिन विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाली डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस का साथ छोड़कर ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस को समर्थन देने के बाद पुलिस की सक्रियता अचानक बढ़ गई।

राजनीतिक पाला बदलने के बाद जांच तेज

उन्होंने सवाल उठाया कि राजनीतिक पाला बदलने के बाद ही विभिन्न मामलों में उन्हें घेरने की कोशिश क्यों तेज हुई। अभिषेक ने आरोप लगाया कि यदि ये घटनाएं सही साबित होती हैं तो राज्य पुलिस के कुछ अधिकारियों और भाजपा नेताओं के बीच खतरनाक गठजोड़ का संकेत मिलेगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों की मनचाही जगहों पर तैनाती, निजी हित साधने और वसूली के लिए सत्ता के दुरुपयोग के आरोपों की स्वतंत्र जांच की मांग की है।

कानून से ऊपर कोई नहीं

इसके साथ ही निचली अदालत और कलकत्ता हाई कोर्ट से संबंधित थाने के सीसीटीवी फुटेज, जीडी, एफआईआर रिकार्ड, केस डायरी और हिरासत एवं स्थानांतरण से जुड़े दस्तावेज सुरक्षित रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और राजनीतिक पहचान अथवा पद की परवाह किए बिना दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह 22 नवंबर को आएंगे भारत, पीएम मोदी के साथ होगी अहम बैठक; पूरा कार्यक्रम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।