विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाथ में तिरंगा और 28 दिन की पैदल यात्रा... सीएम शुभेंदु से मिलने नवान्न पहुंचा आंध्र प्रदेश का युवक

Published: Sun, 29 Nov 2026 02:59 PM (IST)

आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम से 36 वर्षीय शेखर नायडू 28 दिन पैदल चलकर कोलकाता के नवान्न पहुंचे। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मिलना चाहते हैं। 

बंगाल के सीएम से मिलने के लिए आंध्र प्रदेश से पैदल चलकर कोलकाता पहुंचा युवक।

बंगाल के सीएम से मिलने के लिए आंध्र प्रदेश से पैदल चलकर कोलकाता पहुंचा युवक।

HighLights

  1. शेखर नायडू 28 दिन पैदल चलकर नवान्न पहुंचे।

  2. राष्ट्रीय ध्वज और मुख्यमंत्रियों की तस्वीरें साथ लाए।

  3. देश सुरक्षा, विकास के समर्थन में पदयात्रा की।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम से करीब 28 दिन पैदल चलकर 36 वर्षीय निर्माणकर्मी शेखर नायडू शनिवार को यहां राज्य सचिवालय नवान्न के प्रवेश द्वार पर पहुंचे। उनके हाथ में राष्ट्रीय ध्वज और सीने पर तीन राज्यों के मुख्यमंत्रियों की तस्वीरें थीं। उनका उद्देश्य बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मिलकर अपनी बात रखना है। फिलहाल वह नवान्न के सामने मुलाकात की अनुमति मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

शेखर का कहना है कि देश की सुरक्षा, सीमाओं की रक्षा और विकास के समर्थन में उन्होंने यह पदयात्रा की है। बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने के बाद सीमा सुरक्षा को महत्व दिए जाने की उन्होंने सराहना की। उनका मानना है कि राज्य के लोगों ने देशहित और विकास को ध्यान में रखकर राजनीतिक बदलाव किया है। उन्होंने पूर्ववर्ती ममता बनर्जी सरकार के कामकाज की आलोचना भी की।

असम और उत्तर प्रदेश जाने की भी योजना

शेखर की यात्रा बंगाल तक सीमित नहीं है। शुभेंदु अधिकारी से मिलने के बाद वह असम जाकर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और फिर उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करना चाहते हैं।

उन्होंने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में योगी आदित्यनाथ की वापसी की इच्छा भी जताई। शेखर के मुताबिक, इस यात्रा के पीछे कोई निजी स्वार्थ नहीं, बल्कि राजनीतिक विचारधारा और देश के विकास में उनका विश्वास है।

शुभेंदु से मिलने का इतंजार

श्रीकाकुलम में उनके माता-पिता, पत्नी और दो बच्चे रहते हैं। परिवार की जिम्मेदारियों के बावजूद वह करीब एक महीने से यात्रा पर हैं। उनके अनुसार, परिवार ने उनके फैसले का विरोध नहीं किया। यात्रा के दौरान कभी मंदिर के बरामदे, कभी बस टर्मिनस और कभी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर रात बितानी पड़ी।

रास्ते में थकान और परेशानियों के बावजूद उन्होंने यात्रा जारी रखी। राष्ट्रीय ध्वज और तीन मुख्यमंत्रियों की तस्वीरें लेकर नवान्न के सामने खड़े शेखर अब मुख्यमंत्री से मुलाकात की अनुमति मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: बदलेगी कोलकाता की यातायात व्यवस्था, 250 किमी लंबी रिंग रोड चार जिलों को जोड़ेगी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।