सिलीगुड़ी: गाय चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, भीड़ ने वाहनों को भी फूंका
सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा ब्लॉक में गाय चोरी के संदेह में भीड़ ने कुछ युवकों को बेरहमी से पीटा, जिसमें एक की मौत हो गई।

सिलीगुड़ी में लोगों ने वाहनों को फूंका

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा ब्लॉक में गाय चोरी के संदेह में गुस्साई भीड़ ने 3 युवकों को पकड़कर बेरहमी से पीट दिया। पुलिस सूत्रों की माने तो भीड़ द्वारा की गई पिटाई में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद भीड़ ने दो वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की।
एक पिकअप वाहन को आग के हवाले कर दिया गया, जबकि दूसरे वाहन में भी आग लगाने का प्रयास किया गया। घटना शनिवार सुबह माटीगाड़ा ब्लॉक के शिवमंदिर-ताराबाड़ी इलाके की है। घटना के बाद से इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
सूचना मिलते ही बागडोगरा और माटीगाड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के आला अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस मृतक और घायल युवक की पहचान करने के साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
मवेशी चोरी की घटना से परेशान थे इलाके के लोग
बताया जा रहा है कि सिलीगुड़ी शहर और महकमा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में पिछले कई महीनों से गाय चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में आक्रोश था। आरोप है कि एक गिरोह रात के अंधेरे में वाहनों से निकलकर ग्रामीण इलाकों में गाय की चोरी करता था।
पशुपालन पर निर्भर परिवारों के बीच इन घटनाओं को लेकर चिंता बनी हुई थी। स्थानीय लोगों का दावा है कि सप्ताह में दो-तीन गाय चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। आरोप यह भी है कि गिरोह के सदस्य वाहनों में धारदार हथियार और पत्थर रखते थे तथा पीछा करने पर पुलिस पर भी हमला करने की कोशिश कर चुके हैं।
जानकारी मिली है कि शुक्रवार रात शिवमंदिर से सटे ताराबाड़ी इलाके में कुछ लोगों ने संदिग्ध रूप से एक वाहन को घूमते देखा। गाय चोरी के संदेह में स्थानीय लोगों ने वाहन का पीछा शुरू कर दिया। वाहन सवार भागने लगे, लेकिन भीड़ ने उन्हें घेर लिया।
इसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई। लोगों ने वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसी दौरान वाहन में मौजूद युवकों की बेरहमी से पिटाई की गई, जिसमें युवक की मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
