292 ग्राम ब्राउन शुगर, एक लाख से ज्यादा कैश... सिलीगुड़ी में लग्जरी कार से नशीले पदार्थ की तस्करी, तीन लोग गिरफ्तार
सिलीगुड़ी में पुलिस ने नशीले पदार्थ की बड़ी खेप के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक महिला भी शामिल है।
-1790675560820_m.webp)
नशीले पदार्थ की तस्करी के मामले में तीन लोग गिरफ्तार
HighLights
सिलीगुड़ी में नशीले पदार्थ की तस्करी के मामले में तीन गिरफ्तार।
लग्जरी कार से 292 ग्राम ब्राउन शुगर और 1.39 लाख रुपये जब्त।
पुलिस ने नंबर प्लेट में हेरफेर की आशंका जताई।
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। पुलिस की नजरों से बचकर नशीले पदार्थ की बड़ी खेप सिलीगुड़ी पहुंचाने की कोशिश कर रहे तीन आरोपित एसओजी और बागडोगरा थाना पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
डिलीवरी से पहले बागडोगरा थाना की पुलिस ने मंगलवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर एशियन हाईवे के केस्टोपुर इलाके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपितों में एक महिला भी शामिल है। तस्करी में इस्तेमाल होने वाले लग्जरी कार को भी पुलिस ने जब्त किया है।

पुलिस ने ब्राउन शुगर और कैश किया जब्त
पुलिस सूत्रों की माने तो पकड़े गए आरोपितों की पहचान मालदा के कालियाचक के निवासी तारापद मंडल, नक्सलबाड़ी निवासी मोहम्मद अनीसुल और साइगाम खातून के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से 292 ग्राम ब्राउन शुगर और 1 लाख 39 हजार नकद बरामद किए गए।
जांच के दौरान पुलिस की नजर कार के नंबर प्लेट पर पड़ी। नंबर प्लेट ढीला मिलने से पुलिस को शक है कि तस्करी के दौरान पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट बदला जाता रहा होगा।
पुलिस कार के नंबर प्लेट और उसके इस्तेमाल की पूरी कड़ी खंगाल रही है। मंगलवार दोपहर तीनों को सिलीगुड़ी कोर्ट में पेश किया गया। पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भी ले सकती है।
यह भी पढ़ें- 'अगर चुनाव आयोग किसी प्राइवेट पार्टी के इशारे पर चलेगा, तो फिर बचेगा क्या'; सिंबल विवाद पर कलकत्ता HC सख्त
