SAIL कर्मचारियों के बोनस पर बनी सहमति, नियमित कर्मियों को ₹32 हजार और प्रशिक्षुओं को ₹25600
SAIL Employees Bonus Agreement: नई दिल्ली में एनजेसीएस और सेल प्रबंधन के बीच हुई बैठक में कर्मचारियों के बोनस पर सहमति बन गई है।

सेल कर्मचारियों के बोनस पर समझौता। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
नई दिल्ली में एनजेसीएस और सेल प्रबंधन की बैठक हुई।
नियमित कर्मचारियों को 32,000 रुपये बोनस देने का निर्णय।
प्रशिक्षु कर्मचारियों को 25,600 रुपये बोनस मिलेगा।
संवाद सहयोगी, बर्नपुर। SAIL कर्मचारियों के बोनस को लेकर नई दिल्ली में गुरुवार को हुई एनजेसीएस और सेल प्रबंधन की बैठक में आखिरकार सहमति बन गई। बोनस का भुगतान दुर्गा पूजा से पहले होगा।
बैठक में प्रबंधन ने पहले निर्धारित फार्मूले के आधार पर नियमित कर्मचारियों के लिए 31,200 रुपये तथा प्रशिक्षु कर्मचारियों के लिए 24,960 रुपये बोनस देने का प्रस्ताव रखा था। चर्चा के बाद प्रबंधन ने नियमित कर्मचारियों के लिए 32,000 रुपये और प्रशिक्षु कर्मचारियों के लिए 25,600 रुपये बोनस देने का निर्णय लिया।
बैठक में सेल प्रबंधन की ओर से निदेशक (कार्मिक) केके सिंह, निदेशक (वाणिज्य) टीएन नटराजन, मुख्य महाप्रबंधक (एचआर) संजीव कुमार गुप्ता, मुख्य महाप्रबंधक (एफएंडए) पवन कुमार अग्रवाल और महाप्रबंधक मलय गोस्वामी मौजूद रहे।
बोनस को लेकर नई दिल्ली में दोपहर करीब 2:30 बजे बैठक शुरू हुई। बैठक में एनजेसीएस से संबद्ध विभिन्न केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधियों और सेल प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बोनस राशि को लेकर लंबे समय तक चर्चा के बाद प्रबंधन की ओर से अंतिम राशि तय की गई।
प्रबंधन ने पहले रखा 31,200 रुपये का प्रस्ताव
बैठक की शुरुआत में सेल प्रबंधन की ओर से निर्धारित फार्मूले के आधार पर नियमित कर्मचारियों के लिए 31,200 रुपये बोनस का प्रस्ताव रखा गया। वहीं, प्रशिक्षु कर्मचारियों के लिए 24,960 रुपये बोनस का प्रस्ताव था।
इस प्रस्ताव पर एनजेसीएस के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा हुई। बातचीत के बाद प्रबंधन की ओर से नियमित कर्मचारियों की बोनस राशि बढ़ाकर 32,000 रुपये करने का निर्णय लिया गया।
इसी अनुपात में प्रशिक्षु कर्मचारियों के लिए बोनस राशि 25,600 रुपये तय की गई। इस तरह प्रबंधन के शुरुआती प्रस्ताव की तुलना में नियमित कर्मचारियों को 800 रुपये और प्रशिक्षु कर्मचारियों को 640 रुपये अधिक मिलेंगे।
बर्नपुर समेत सभी संयंत्रों के कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
बोनस पर हुए इस निर्णय का लाभ सेल के विभिन्न संयंत्रों एवं इकाइयों के पात्र कर्मचारियों को मिलेगा। बर्नपुर स्थित इस्को स्टील प्लांट के कर्मचारियों के बीच भी बोनस राशि को लेकर विशेष उत्सुकता थी। बैठक में अंतिम राशि तय होने के बाद कर्मचारियों को अब भुगतान की प्रक्रिया और निर्धारित समय-सीमा का इंतजार है।
नियमित कर्मचारियों के लिए 32,000 रुपये और प्रशिक्षु कर्मचारियों के लिए 25,600 रुपये बोनस तय किए जाने से कर्मचारियों में संतोष है। हालांकि, बोनस भुगतान की वास्तविक तिथि सेल प्रबंधन की ओर से जारी प्रक्रिया और आदेश के बाद स्पष्ट होगी।
एनजेसीएस के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में एनजेसीएस की ओर से इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जी. संजीवा रेड्डी, बोकारो से बीएन चौबे, बीएमएस से श्रीनिवास राव और रंजय कुमार, सीटू की ओर से दुर्गापुर स्टील प्लांट से ललित मोहन मिश्र तथा भिलाई स्टील प्लांट से डीवीएस रेड्डी शामिल हुए।
इसके अलावा एचएमएस से संजय वढावकर और बोकारो से राजेंद्र सिंह, एटक से विद्यासागर गिरी तथा बोकारो स्टील प्लांट से रामाश्रय प्रसाद सिंह बैठक में उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- सेलकर्मियों के महंगाई भत्ते में 3.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी, 54 हजार कर्मचारी लाभान्वित; आज से लागू
यह भी पढ़ें- SAIL में 2120 CISF जवानों की होगी कटौती, लागत नियंत्रण पर जोर
