SAIL में 2120 CISF जवानों की होगी कटौती, लागत नियंत्रण पर जोर
SAIL अपनी विभिन्न इकाइयों में लागत नियंत्रण के लिए 2,120 सीआईएसएफ कर्मियों की संख्या में कटौती करेगा। इस फैसले से बोकारो इस्पात संयंत्र में 488 जवान कम होंगे।

SAIL में CISF की तैनाती में होगी कटौती। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
सेल की इकाइयों में 2,120 सीआईएसएफ कर्मियों की कटौती होगी।
बोकारो इस्पात संयंत्र से 488 जवानों की संख्या कम होगी।
लागत नियंत्रण और नई तकनीक के उपयोग से यह फैसला।
जागरण संवाददाता, बोकारो। स्टील अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के बोकारो इस्पात संयंत्र सहित विभिन्न इकाई में कार्यरत कुल 2,120 सीआइएसएफ के अधिकारी व जवानों की संख्या में कटौती की जाएगी। इस बाबत विभागीय प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
CISF HQ Delhi की ओर से पूर्वी खंड रांची सहित सभी सेक्टर के महानिरीक्षक को प्रस्ताव देकर उनके अधीनस्थ संचालित सेल के इकाईयों में सीआइएसएफ कर्मियों के वर्तमान श्रमशक्ति को कम करने का निर्देश दिया गया है।
यह फैसला सेल प्रबंधन व सीआइएसएफ के उच्च अधिकारियों के बीच हुई आंतरिक बैठक के बाद लिया गया है। सेल प्रबंधन ने बीएसएल सहित अपने तमाम इकाई में लागत नियंत्रण के लिए नई तकनीक का इस्तेमाल कर सीआइएसएफ कर्मियों की संख्या को कम करने का प्रस्ताव दिया था।
इसके बाद सेल के विभिन्न इकाई में कार्यरत 2,120 सीआइएसएफ के अधिकारी व जवानों यहां से हटाकर दूसरे अन्य स्थानों में ड्यूटी पर लगाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसके बाद बीएसएल बोकारो इकाई में वर्तमान सीआइएसएफ की संख्या 1,434 के बजाए 946 सीआइएसएफ कर्मियों को यहां ड्यूटी पर लगाया जाएगा।
बता दें कि सेल के विभिन्न इकाई में कार्यरत सीआइएसएफ के कांस्टेबल से लेकर डीआइजी स्तर के अधिकारियों के ऊपर होने वाले मासिक वेतनमान सहित अन्य प्रकार का खर्च सेल प्रबंधन वहन करती है।
इससे कंपनी के खजाने पर अतिरिक्त बोझ बढ़ता जा रहा है। इस पर संतुलन बनाए रखने के लिए जवान व अधिकारियों की संख्या को कम कर सुरक्षा संसाधनों में उपयोगी नई तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।
