सेलकर्मियों के महंगाई भत्ते में 3.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी, 54 हजार कर्मचारी लाभान्वित; आज से लागू
SAIL के 54 हजार अधिकारी व कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (डीए) 3.4 प्रतिशत बढ़ा दिया गया है, जिससे अब यह 55.7 से बढ़कर 59.1 प्रतिशत हो गया है।

SAIL कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
सेलकर्मियों के डीए में 3.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
महंगाई भत्ता अब 55.7 से बढ़कर 59.1 प्रतिशत हुआ।
54 हजार अधिकारी-कर्मचारियों को मिलेगा बढ़ा हुआ वेतन।
जागरण संवाददाता, बोकारो। स्टील अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) में काम करने वाले अधिकारी व कर्मचारियों के महंगाई भत्ता में 3.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। इस बाबत केंद्रीय श्रम मंत्रालय की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।
नई दर एक अक्टूबर से लागू होगी। इससे बोकारो इस्पात संयंत्र सहित कंपनी के अन्य इकाई में कार्यरत लगभग 54 हजार संयंत्रकर्मी लाभान्वित होंगे। कामगाराें को बढ़े हुए डीए की जानकारी उनके मासिक वेतनपर्ची से प्राप्त होगी।
सेल के अधिकारी व कर्मचारी का डीए बढ़ाए जाने के साथ उनका वर्तमान महंगाई 55.7 फीसद से बढ़कर अब 59.1 फीसद हो गया है। चालू वित्त वर्ष 2026-2027 के इस तिमाही में खाद पदार्थ समेत अन्य दैनिक वस्तुओं की मूल्य में इजाफा के कारण कामगारों का डीए बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
बता दें कि पिछले तिमाही सेलकर्मियों के डीए में मात्र 1.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी। अब जबकि उनके महंगाई भत्ता में इस तिमाही 3.4 प्रतिशत का इजाफा कर दिया गया है तो उनका मासिक वेतनमान बढ़ जाएगा, जिसकी गणना उनके ग्रेड के अनुसार निर्धारित की गई है।
इसका लाभ बीएसएल, दुर्गापूर, इस्को बर्नपुर, राउरकेला, भिलाई सहित अन्य इकाई के सभी अधिकारी व कर्मचारियों को दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- SAIL में 2120 CISF जवानों की होगी कटौती, लागत नियंत्रण पर जोर
यह भी पढ़ें- SAIL निदेशक मंडल में सदस्यों का गंभीर संकट, प्रबंधन की बढ़ी मुश्किलें
