विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ईस्टर्न रेलवे का बड़ा फैसला: आसनसोल मंडल के स्टेशनों पर बहाल होंगे बुकिंग एजेंट, हर टिकट पर मिलेगा कमीशन

Published: Mon, 19 Oct 2026 05:25 PM (IST)

Eastern Railway के आसनसोल मंडल ने कालीपहाड़ी, राजबांध और कालुबाथन स्टेशनों पर स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंटों की नियुक्ति के लिए टेंडर जारी किया है।

कालूबथान स्टेशन पर होगी टिकट एजेंट की बहाली। (प्रतीकात्मक फोटो)

कालूबथान स्टेशन पर होगी टिकट एजेंट की बहाली। (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. आसनसोल मंडल में टिकट बुकिंग एजेंटों की नियुक्ति।

  2. स्थानीय युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर।

  3. यात्रियों को अनारक्षित टिकटों में मिलेगी राहत।

रवि रंजन आनंद, आसनसोल। स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने और छोटे रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को टिकट के लिए लंबी कतारों से राहत दिलाने की दिशा में ईस्टर्न रेलवे के आसनसोल मंडल ने महत्वपूर्ण पहल की है।

मंडल के अंतर्गत कालीपहाड़ी, राजबांध और कालुबाथन रेलवे स्टेशनों पर स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंट की नियुक्ति के लिए टेंडर जारी किया गया है। इस पहल से जहां अनारक्षित टिकटों की बिक्री व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी, वहीं इच्छुक स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार का अवसर भी मिल सकेगा।

तीन साल के अनुबंध पर होगी नियुक्ति

रेलवे की ओर से जारी टेंडर के तहत चयनित एजेंटों को संबंधित स्टेशनों पर अनारक्षित यानी जनरल टिकटों की बिक्री की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

नियुक्ति तीन साल के अनुबंध के आधार पर की जाएगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य छोटे और ग्रामीण क्षेत्रों के स्टेशनों पर टिकट वितरण को सुगम बनाना तथा यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।

स्थानीय स्तर पर एजेंटों की नियुक्ति होने से युवाओं को अपने क्षेत्र में ही काम करने का अवसर मिल सकता है। हालांकि, चयन के लिए निर्धारित पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, धरोहर राशि और अन्य शर्तों का पालन करना अनिवार्य होगा।

यात्रियों को मिलेगी राहत

इन स्टेशनों पर ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के समय टिकट काउंटरों पर भीड़ की स्थिति बन जाती है। स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंटों की नियुक्ति से टिकट वितरण व्यवस्था को गति मिलने और यात्रियों का समय बचने की उम्मीद है। इससे दैनिक यात्रियों को विशेष रूप से लाभ मिल सकता है।

छह नवंबर तक खुलेगा टेंडर

रेलवे की अधिसूचना के अनुसार, टेंडर दस्तावेज डाउनलोड करने की प्रक्रिया 12 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है। दस्तावेज डाउनलोड करने की अंतिम तिथि पांच नवंबर 2026 रात 11:59 बजे तक है। टेंडर जमा करने की प्रक्रिया 22 अक्टूबर से शुरू होकर छह नवंबर 2026 दोपहर दो बजे तक चलेगी। वहीं, छह नवंबर को शाम चार बजे टेंडर खोला जाएगा।

इच्छुक आवेदक पात्रता और आवेदन संबंधी विस्तृत जानकारी ईस्टर्न रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट er.indianrailways.gov.in के टेंडर सेक्शन में प्राप्त कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- कुल्टी की बेगुनिया दुर्गापूजा कमेटी को मिला 10 लाख का विशेष अनुदान, क्षेत्र में खुशी की लहर

यह भी पढ़ें- नई दिल्ली-हावड़ा के बीच दौड़ेगी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन, रेलवे ने जारी किया रूट चार्ट और शेड्यूल