विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यमुनोत्री-गंगोत्री धाम में बना तीर्थयात्रियों का नया रिकॉर्ड, अब तक सर्वाधिक 18.41 लाख तीर्थयात्रियों ने किया दर्शन

Published: Tue, 27 Oct 2026 07:58 AM (IST)

यमुनोत्री और गंगोत्री धामों में इस वर्ष तीर्थयात्रियों की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया है, अब तक 18.41 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. यमुनोत्री-गंगोत्री धाम में 18.41 लाख तीर्थयात्रियों का नया रिकॉर्ड।

  2. पिछले सभी वर्षों के रिकॉर्ड तोड़कर संख्या में भारी वृद्धि।

  3. कपाटबंदी से पहले 20-25 लाख श्रद्धालु पहुंचने की उम्मीद।

अजय कुमार, उत्तरकाशी। चारधामों में प्रमुख यमुनोत्री व गंगोत्री धाम की यात्रा तीर्थयात्रियों की संख्या के मामले में नया रिकॉर्ड बन गया है। इस वर्ष अब तक दोनों धामों में 18.41 लाख तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। इससे पूर्व पिछले 11 वर्षों में वर्ष 2023 में दोनों धामों में सर्वाधिक 16.40 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या 14.02 लाख रही थी।

इस वर्ष 19 अप्रैल को यमुनोत्री व गंगोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर्व पर तीर्थयात्रियों के दर्शनार्थ खोले गये थे। यात्रा के पहले चरण में 19 अप्रैल से 15 सितंबर तक दोनों धामों में लगभग 15 लाख तीर्थयात्रियों ने दर्शन किये।

वहीं, मानसून की समाप्ति के साथ शुरू हुए यात्रा के दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्री गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के दर्शन को पहुंच रहे हैं। इस कारण एक माह से अधिक समय में ही दोनों धामों में तीर्थयात्रियों की संख्या पिछले सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर 18.41 लाख के पार पहुंचने जा रही है।

अभी दोनों ही धामों की कपाटबंदी में लगभग 15 से 16 दिन का समय शेष है। ऐसे में यह संख्या 20 से 25 लाख के मध्य पहुंचने की उम्मीद की जा रही है।

बता दें कि गंगोत्री धाम के कपाट जहां अन्नकूट के पावन पर्व पर शीतकाल के लिए 10 नवंबर को बंद होंगे। वहीं, यमुनोत्री धाम के कपाट भैया दूज पर्व पर 11 नवंबर को बंद किए जायेंगे। हालांकि श्रद्धालु दोनों धामों की कपाटबंदी के बाद भी मां यमुना और गंगा के दर्शन उनके शीतकालीन प्रवास स्थल क्रमश: खरसाली व मुखवा में कर सकेंगे।

दोनों धामों में अब तक वर्षवार पहुंचे तीर्थयात्री

वर्ष गंगोत्री धाम यमुनोत्री धाम कुल तीर्थयात्री
2015 1,60,192 1,22,922 2,83,114
2016 2,87,727 1,60,524 4,48,251
2017 4,09,443 3,92,224 8,01,667
2018 4,47,585 3,94,395 8,41,980
2019 5,28,129 4,65,769 9,93,898
2020 23,868 7,850 31,718
2021 33,227 33,063 66,290
2022 6,24,516 4,85,688 11,10,204
2023 9,05,174 7,35,244 16,40,418
2024 8,15,273 7,14,755 15,30,028
2025 7,58,249 6,44,637 14,02,886
2026 9,74,324 8,67,259 18,41,583

नोट: 26 अक्टूबर तक जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त आंकड़े

चारधाम सड़क परियोजना में गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे के चौड़ीकरण के साथ यातायात प्रबंधन में सुधार हुआ है। तीर्थयात्रियों के ठहरने के लिए होटल और होमस्टे की संख्या भी बढ़ी है। यात्रा से जुड़े विभागों और एजेंसियों की त्वरित प्रतिक्रिया से श्रद्धालुओं का भरोसा मजबूत हुआ है। इसके साथ ही लोगों में धर्म के प्रति रुचि बढ़ने का असर यात्रा में तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या के रूप में दिखाई दे रहा है।

-प्रशांत आर्य, डीएम उत्तरकाशी।

यह भी पढ़ें- उत्तरकाशी: विकास की नई उड़ान, हिमालय की गोद में आस्था और प्रगति का संगम

यह भी पढ़ें- अगले साल चारधाम यात्रा में खुलेगी उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग, 858 करोड़ की टनल से 26 KM की दूरी होगी कम