अगले साल चारधाम यात्रा में खुलेगी उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग, 858 करोड़ की टनल से 26 KM की दूरी होगी कम
उत्तरकाशी की सिलक्यारा-पोलगांव सुरंग आगामी चारधाम यात्रा के लिए तैयार हो जाएगी, जिससे यमुनोत्री धाम की दूरी 26 किलोमीटर कम ...और पढ़ें

HighLights
आगामी चारधाम यात्रा में सिलक्यारा सुरंग से आवाजाही शुरू होगी।
यमुनोत्री धाम की यात्रा में 26 किलोमीटर दूरी घटेगी।
858 करोड़ की लागत से बनी सुरंग का कार्य फिर शुरू।
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। सब कुछ तय समय पर पूरा हुआ तो आगामी चारधाम यात्रा में यमुनोत्री हाईवे पर निर्माणाधीन सिलक्यारा-पोलगांव सुरंग से आवाजाही शुरू हो सकती है। निर्माण कंपनी नवयुगा इंजीनियरिंग लिमिटेड के महाप्रबंधक रविकांत के अनुसार आगामी चारधाम यात्रा के लिए सुरंग तैयार हो जाएगी।
सुरंग से यातायात शुरू होने पर यमुनोत्री धाम की यात्रा में करीब 26 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी चारधाम सड़क परियोजना के तहत करीब 4.5 किलोमीटर लंबी सिलक्यारा-पोलगांव सुरंग का निर्माण वर्ष 2018 में लगभग 858 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुआ था।
परियोजना को वर्ष 2022 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। नवंबर 2023 में सुरंग के अंदर भूस्खलन के कारण 41 श्रमिक फंस गए थे। उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए 17 दिनों तक अभियान चलाना पड़ा था।
इससे सुरंग निर्माण कार्य भी प्रभावित हुआ। जनवरी 2024 में कार्यदायी संस्था राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआइडीसीएल) को दोबारा निर्माण शुरू करने की अनुमति मिली।
