विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यमुनोत्री धाम में साल की पहली बर्फबारी से खिले तीर्थयात्रियों के चेहरे, यमुना मैया के दर्शन कर लिया आनंद

Published: Mon, 26 Oct 2026 01:03 PM (IST)

यमुनोत्री धाम में रविवार को हुई अचानक बर्फबारी से तीर्थयात्रियों के चेहरे खुशी से खिल उठे, खासकर गुजरात से आए ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, जागरण बड़कोट (उत्तरकाशी)। यमुनोत्री धाम में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली और बर्फबारी शुरू हो गई। धाम में बर्फ गिरते देख तीर्थयात्रियों के चेहरे खिल उठे। यमुना मैया के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे गुजरात के श्रद्धालु भी बर्फबारी देखकर खासे उत्साहित नजर आए।

श्रद्धालुओं ने मां यमुना के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और बर्फबारी के बीच धाम की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद उठाया। गुजरात से पहुंचे यात्रियों के लिए यमुनोत्री धाम में बर्फबारी का नजारा यात्रा का विशेष आकर्षण रहा।

श्रद्धालु रामसुख भाई, बीना कुमारी, सुमेर जी भाई ने कहा कि यमुना मैया के दर्शन के साथ बर्फ से आच्छादित धाम का मनमोहक दृश्य देखना उनके लिए यादगार अनुभव है।

बर्फबारी के बीच हिमालय की खूबसूरत वादियों और धाम के प्राकृतिक सौंदर्य ने उनकी यात्रा को और भी खास बना दिया। कई यात्रियों ने इस पल को अपने कैमरों में भी कैद किया।

यमुना मैया के दर्शन और बर्फबारी के अनूठे संयोग से धाम में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह देखने को मिला। मौसम के इस बदले मिजाज ने तीर्थयात्रियों को आध्यात्मिक अनुभूति के साथ प्रकृति के अद्भुत सौंदर्य का अनुभव भी कराया।

यह भी पढ़ें- अगले साल चारधाम यात्रा में खुलेगी उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग, 858 करोड़ की टनल से 26 KM की दूरी होगी कम 

यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather Today: देहरादून-उत्तरकाशी में भारी बारिश, 11 जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट