विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सेवा ज्योति यात्रा: उत्तरकाशी में बनेगा विश्वनाथ व शक्ति कॉरिडोर, सीएम धामी ने की घोषणा, वर्चुअली जुड़ेंगे पीएम मोदी... धरने से पहले कांग्रेसी गिरफ्तार

Published: Wed, 07 Oct 2026 09:25 AM (IST)Updated: Wed, 07 Oct 2026 10:29 AM (IST)

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तरकाशी पहुंचे, जहां उन्होंने काशी विश्वनाथ व शक्ति मंदिर के दर्शन किए। वह 'विकसित भारत संकल्प ...और पढ़ें

सेवा संकल्प अभियान में आयाेजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की शिरकत।

सेवा संकल्प अभियान में आयाेजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की शिरकत।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक दिवसीय दौरे पर उत्तरकाशी पहुंच गए हैं। जोशियाड़ा हेलीपैड उत्तरकाशी पर उतरने के बाद उन्होंने सबसे पहले काशी विश्वनाथ व शक्ति मंदिर के दर्शन किए।

उत्तरकाशी में विश्वनाथ व शक्ति कॉरिडोर बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को रामलीला मैदान में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित करते हुए इसकी घोषणा की।

उन्होंने कहा कि कॉरिडोर के निर्माण से उत्तरकाशी में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ ही स्थानीय माताओं-बहनों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

विकास की गति में नहीं लगेगा ब्रेक 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। विकास की गति में कोई ब्रेक नहीं लगेगा और उत्तरकाशी के विकास की गंगा यूं ही बहती रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और आने वाले समय में विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने देश और प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति से अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे ईमानदार प्रयास आगे चलकर बड़ी शक्ति बनते हैं। समाज और राष्ट्र के विकास में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी महत्वपूर्ण है। सभा में मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायक स्वर्गीय गोपाल रावत के योगदान को स्मरण करते हुए जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी का नाम उनके नाम पर किए जाने की भी घोषणा की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन

सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को रामलीला मैदान में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ एवं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन भी प्रस्तावित है। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रंगोली और देशभक्ति गीतों के माध्यम से सेवा, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में भाजपा की सेवा ज्योति यात्रा आज: प्रदेश प्रभारी, सीएम धामी और प्रदेश अध्यक्ष संभालेंगे कमान

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें जनभागीदारी के माध्यम से सेवा और सामाजिक सरोकारों का संदेश आमजन तक पहुंचाया जाएगा।

शांतिपूर्ण धरने से पहले कांग्रेसी गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी । हनुमान चौक पर प्रस्तावित एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरने में शामिल होने से पहले कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए प्रदेश सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि बुधवार सुबह वह अपने घर पर धरने में शामिल होने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पुलिस लाइन पहुंचाया। उनके साथ अन्य वरिष्ठ कांग्रेसजनों को भी पुलिस लाइन में बैठाया गया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से मोदी सरकार के 25 वर्ष के कार्यकाल और प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में शांतिपूर्ण धरना प्रस्तावित था। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने जा रहे थे। बिना किसी हिंसा या कानून-व्यवस्था की स्थिति के उन्हें रोकना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों पर सवाल खड़े करता है।

प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था, खराब सड़कें, जंगली जानवरों का आतंक, युवाओं, किसानों, व्यापारियों और कम वेतन पर कार्य करने वाले कर्मचारियों की समस्याएं लगातार बनी हुई हैं। सरकार को इन मुद्दों पर जनता को जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पुलिस के बल पर जनता के सवालों को गिरफ्तार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस संविधान में मिले अधिकारों के तहत शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जनता के मुद्दे उठाती रहेगी। उन्होंने पुलिस कार्रवाई को लेकर कहा कि सरकार को विपक्ष की आवाज रोकने के बजाय जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवाकाल के 25 वर्ष के विरोध में कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन कार्यक्रम प्रस्तावित किया था।