उत्तराखंड में भाजपा की सेवा ज्योति यात्रा आज: प्रदेश प्रभारी, सीएम धामी और प्रदेश अध्यक्ष संभालेंगे कमान
भाजपा आज उत्तराखंड में 'विकसित भारत संकल्प एवं सेवा ज्योति यात्रा' शुरू कर रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा बुधवार को उत्तराखंड में ''''विकसित भारत संकल्प एवं सेवा ज्योति यात्रा’ निकालेगी।
प्रदेश स्तर पर यात्रा की कमान प्रदेश प्रभारी राम माधव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट संभालेंगे, जबकि जिलों में प्रदेश सह प्रभारी, सांसद, कैबिनेट मंत्री और प्रदेश पदाधिकारी नेतृत्व करेंगे।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं सेवा संकल्प अभियान के संयोजक कुंदन परिहार ने बताया कि सात अक्टूबर को देशभर में आयोजित होने वाली सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन में सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- सेवा संकल्प अभियान: उत्तरकाशी में भव्य यात्रा, सीएम धामी मौजूद... वर्चुअली जुड़ेंगे पीएम मोदी
कार्यकर्ताओं और आमजन को जोड़ा जाएगा
साथ ही विकसित भारत के संकल्प को लेकर कार्यकर्ताओं और आमजन को जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि देहरादून में मुख्य कार्यक्रम परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय भवन में होगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का वर्चुअल संबोधन होगा।
इसके बाद विकसित भारत का सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा और स्थानीय प्रतिनिधि सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित करेंगे। इसके बाद ज्योति को लैंसडाैन चौक पर स्थापित किया जाएगा। इसी तर्ज पर सभी जिला मुख्यालयों और विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा निकाली जाएगी।
परिहार के अनुसार उत्तरकाशी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, टिहरी में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट व कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, ऊधम सिंह नगर में प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन व कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, हरिद्वार में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
पौड़ी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और कैबिनेट मंत्री डा.धन सिंह रावत, अल्मोड़ा में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, बागेश्वर में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, चंपावत में कैबिनेट मंत्री खजान दास, नैनीताल में सांसद अजय भट्ट तथा चमोली में विधायक अनिल नौटियाल व भोपाल राम टम्टा कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
