यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 31, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
उत्तरकाशी में बारिश के बाद बादल छाए, भूस्खलन से प्रभावित रहा राष्ट्रीय राजमार्ग; श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी
Uttarakhand Weatherउत्तरकाशी जिले में रात को जमकर वर्षा हुई। वर्तमान में बादल छाए हुए हैं। मंगलवार रात को हुई बारिश ...और पढ़ें

उत्तरकाशी, जागरण संवाददाता। उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है। बारिश और आंधी की चेतावनी के बीच अब मंगलवार रात को उत्तराखंड के कई हिस्सों में जमकर बारिश हुई। उत्तरकाशी में भी बारिश से मौसम ठंडा हो गया है। मंगलवार रात को जिले में जमकर बारिश हुई और अब बुधवार को भी बादल छाए हुए हैं। सुबह सुबह मौसम सुहावना और आसमान में बादल छाए हैं।
उत्तरकाशी जिले में रात को जमकर वर्षा हुई। वर्तमान में बादल छाए हुए हैं। मंगलवार रात को हुई बारिश की वजह से एक बार फिर से भूस्खलन हुआ है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्यानाचट्टी के पास देर रात को भूस्खलन हुआ। जिसके कारण राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हुआ। रात में हुए भूस्खलन से यातायात भी ठप रहा। भूस्खलन से मलबा राजमार्ग पर आ गया, जिसकी वजह से वाहनों को रोक दिया गया। वहीं राजमार्ग से भूस्खलन का मलबा हटाने का काम भी रात में ही किया गया।
6 घंटे अवरुद्ध रहा गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग
राष्ट्रीय राजमार्ग की टीम ने राजमार्ग को बुधवार की सुबह 7:00 बजे सुचारू किया। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग करीब 6 घंटे अब अवरुद्ध रहा। जिसके बाद तीर्थ यात्रियों की वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारू है। यमुनोत्री धाम को जोड़ने वाले पैदल मार्ग पर कीचड़ और फिसलन बनी हुई है।
चार धाम की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को हो रही दिक्कत
गौरतलब है कि बारिश की वजह से उत्तराखंड में चार धाम यात्रा करने आए श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है। यमुनोत्री धाम को जोड़ने वाले पैदल मार्ग पर कीचड़ और फिसलन बनी हुई है। जिसकी वजह से लोगों को दिक्कत हो रही है। वहीं मौसम खराब होने की वजह से लगातार प्रशासन भी लोगों को अलर्ट रहने की चेतावनी दे रही है। पुलिस प्रशासन ने लोगों को खराब और कठिन रास्तों पर जाने से मना किया है और साथ ही पर्यटकों से अपील की गई है कि मौसम देखकर ही यात्रा करने का प्लान बनाएं।
