चीन सीमा के करीब वायुसेना का शक्ति प्रदर्शन, 26 हजार फीट की ऊंचाई से चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर उतरे 23 पैरा कमांडो
चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर वायुसेना का दस दिवसीय सैन्य अभ्यास जारी है, जिसमें 23 पैरा कमांडो ने 26 हजार फीट से छलांग लगाकर सफल लैंडिंग का अभ्यास किया।

चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर उतरते पैरा कमांडो। स्रोत वीडियो ग्रैबचिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर उतरे पैरा कमांडों व पायलट
HighLights
चिन्यालीसौड़ में वायुसेना का दस दिवसीय सैन्य अभ्यास जारी।
23 पैरा कमांडो ने 26 हजार फीट से लगाई छलांग।
अभ्यास का उद्देश्य सामरिक तैयारियों को मजबूत करना।
जागरण टीम, उत्तरकाशी। चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर वायुसेना का दस दिवसीय नार्थ इंडिया हिल्स सैन्य अभ्यास जारी है। मंगलवार को अभ्यास के छठे दिन एएन-32 और सी-295 सैन्य परिवहन विमानों से 23 पैरा कमांडो ने करीब 26 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाकर हवाई पट्टी पर उतरने का अभ्यास किया। दो चरणों में हुए इस अभ्यास में सभी कमांडो सुरक्षित उतरे।
वायुसेना ने 12 नवंबर को दस दिवसीय सैन्य अभ्यास शुरू किया था। पहले दिन डोर्नियर विमान ने हवाई पट्टी पर लैंडिंग और टेकऑफ का अभ्यास किया था। इसके बाद मौसम प्रतिकूल होने के कारण प्रस्तावित गतिविधियां प्रभावित रहीं। मंगलवार को मौसम साफ होने पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पैरा कमांडो की लैंडिंग कराई गई।

सुबह करीब सवा 11 बजे पहले एएन-32 विमान से 15 पैरा कमांडो ने छलांग लगाई। इसके बाद सी-295 विमान से आठ कमांडो उतरे। दोनों चरणों में कुल 23 कमांडो ने हवाई पट्टी पर सफल लैंडिंग की। इससे पूर्व भी सेना के पैरा कमांडो यहां पैरा ग्लाइडिंग कर सफल लैंडिंग कर चुके हैं।
सैन्य सूत्रों के अनुसार, ऑपरेशन ध्रुव के तहत किए जा रहे इस अभ्यास का उद्देश्य सामरिक तैयारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सैन्य पहुंच को मजबूत करना है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में वायुसेना की परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिहाज से भी इस अभ्यास को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि चीन सीमा के निकट स्थित चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी सामरिक और आपातकालीन दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसी को देखते हुए वायुसेना इसे एडवांस लैंडिंग ग्राउंड के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। पिछले कुछ वर्षों में यहां वायुसेना की अभ्यास गतिविधियां भी बढ़ी हैं।
यह भी पढ़ें- उत्तरकाशी के मोरी में आग का तांडव, दोमंजिला मकान खाक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।