Uttarakhand IPS Transfer: अजय गणपति का तबादला, आठ माह बाद फिर मणिकांत मिश्रा के हाथों में यूएस नगर की कमान
ऊधम सिंह नगर की पुलिस कमान एक बार फिर मणिकांत मिश्रा को सौंपी गई है, जो करीब आठ माह बाद जिले में दोबारा एसएसपी बने हैं। उनके सामने अपराध नियंत्रण, मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और यातायात व्यवस्था सुधारने जैसी प्रमुख चुनौतियां होंगी।

मणिकांत मिश्रा. File

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले की पुलिस कमान एक बार फिर मणिकांत मिश्रा के हाथों में आ गई है।
एसएसपी अजय गणपति के करीब आठ माह के कार्यकाल के बाद हुए तबादले के पश्चात शासन ने मणिकांत मिश्रा को जिले का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। इससे पहले वह करीब 15 माह तक जिले की कमान संभाल चुके हैं। इस तरह करीब आठ माह बाद उनकी जिले में दोबारा वापसी हुई है।
मणिकांत मिश्रा के पिछले कार्यकाल में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का सख्त रुख देखने को मिला था। इस दौरान पुलिस ने 39 मुठभेड़ों में 43 बदमाशों को गिरफ्तार किया था। अपराधियों की धरपकड़ और मुठभेड़ों के जरिये पुलिस ने जिले में सक्रिय बदमाशों पर शिकंजा कसने का प्रयास किया था।
कुल 45 मुठभेड़ और 49 बदमाश गिरफ्तार
वहीं, उनके बाद एसएसपी की जिम्मेदारी संभालने वाले अजय गणपति के कार्यकाल में भी अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहा। करीब आठ माह के कार्यकाल में पुलिस की छह मुठभेड़ हुईं, जिनमें छह बदमाश गिरफ्तार किए गए। इस प्रकार दोनों अधिकारियों के कार्यकाल में कुल 45 मुठभेड़ हुईं और 49 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।
उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे और औद्योगिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण ऊधम सिंह नगर जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। अब दोबारा जिले की कमान संभालने जा रहे मणिकांत मिश्रा के सामने पूर्व कार्यकाल की तरह अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की चुनौती होगी। खासकर स्मैक, चरस और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करना पुलिस के लिए अहम होगा। तस्करों की सप्लाई चेन पर प्रहार कर नशे के कारोबार पर लगाम लगाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
इसके साथ ही शहरों में बढ़ते यातायात दबाव के बीच जाम की समस्या से निजात दिलाना और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना भी बड़ी चुनौती होगी। सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, साइबर ठगी पर प्रभावी कार्रवाई और आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण भी उनकी कार्यशैली की परीक्षा लेगा।
मणिकांत मिश्रा के पूर्व कार्यकाल में अपराधियों के खिलाफ अपनाई गई सख्त रणनीति को देखते हुए अब एक बार फिर जिले में उसी तरह की पुलिसिंग की उम्मीद की जा रही है। हालांकि, इस बार उनके सामने अपराध नियंत्रण के साथ नशे के कारोबार पर चोट करने, यातायात व्यवस्था सुधारने और पुलिस के प्रति आमजन का भरोसा मजबूत करने की भी जिम्मेदारी होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।