विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड ने यूपी के तीन गांवों की बिजली काटी, 44 दिन से अंधेरे में रहने को मजबूर 800 परिवार

Published: Sun, 22 Nov 2026 06:00 AM (IST)

उत्तराखंड द्वारा बिजली आपूर्ति बंद करने से उत्तर प्रदेश के तीन सीमावर्ती गांव वीरपुर फतेहउल्लापुर, लोहरा और रजपुरा टांडा के 800 परिवार 44 दिनों से अंधेरे में हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. उत्तराखंड ने यूपी के तीन सीमावर्ती गांवों की बिजली काटी।

  2. 800 परिवार 44 दिनों से अंधेरे में, जनजीवन बुरी तरह प्रभावित।

  3. बिजली चोरी, बकाया भुगतान के कारण आपूर्ति रोकी; बहाली पर सहमति।

राजेश शर्मा, काशीपुर। दो राज्यों की बिजली व्यवस्था के बीच फंसे उत्तर प्रदेश के तीन सीमावर्ती गांवों के करीब 800 परिवार 44 दिन से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। उत्तराखंड से मिलने वाली बिजली सात अक्टूबर को बंद होने के बाद वीरपुर फतेहउल्लापुर, लोहरा और रजपुरा टांडा में बिजली संकट गहरा गया है।

करीब 26 साल तक उत्तराखंड की बिजली से रोशन रहे इन गांवों की आपूर्ति बकाया भुगतान और बड़े पैमाने पर बिजली चोरी की समस्या के चलते बंद की गई। अब ग्रामीणों को यूपी के बिजलीघरों से बिजली मिलने की उम्मीद जगी है। चार नवंबर को रुद्रपुर में दोनों राज्यों के विद्युत अधिकारियों की संयुक्त बैठक में 25 दिन के भीतर आपूर्ति बहाल करने पर सहमति बनी है।

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में आने वाले वीरपुर फतेहउल्लापुर गांव में वर्ष 1977 में नैनीताल से बिजली आपूर्ति शुरू हुई थी। वर्ष 2000 में उत्तराखंड राज्य बनने के बाद भी गांव की बिजली व्यवस्था काशीपुर विद्युत वितरण खंड के पास ही रही।

करीब 4500 की आबादी वाले गांव में बिजली कनेक्शनों की जांच हुई तो महज 31 वैध कनेक्शन मिले। बड़ी संख्या में ग्रामीण बिना कनेक्शन बिजली का इस्तेमाल कर रहे थे। खंभों पर कटिया डालकर बिजली चोरी की जा रही थी। इससे उत्तराखंड पावर कारपोरेशन को हर महीने लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा था।

बकाया भुगतान और बिजली चोरी की समस्या को देखते हुए सात अक्टूबर को गांव की आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके बाद लोहरा और रजपुरा टांडा की बिजली भी काट दी गई।

यह भी पढ़ें- काशीपुर कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, तीन तलाक मामले में पति को सजा

बिजली गुल होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है तो सिंचाई के लिए बिजली नहीं मिलने से खेती पर भी संकट है। पानी की व्यवस्था करने में ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। करीब डेढ़ महीने से ग्रामीण बिजली बहाली की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन की जांच में वीरपुर फतेहउल्लापुर में महज 31 वैध बिजली कनेक्शन मिले थे। बड़ी संख्या में लोग बिना कनेक्शन बिजली का इस्तेमाल कर रहे थे और लाइनमैन से मारपीट कर रहे थे। इससे हर महीने लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा था। आखिरकार सात अक्टूबर को आपूर्ति बंद कर दी गई।- बेगराज सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड यूपीसीएल, काशीपुर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।