विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऊधम सिंह नगर के शक्तिफार्म इलाके में कच्ची शराब की शिकायत पर भाजपा नेता से पुलिस की अभद्रता ग्रामीणों का हंगामा

Published: Sat, 28 Nov 2026 10:56 PM (IST)

भाजपा नेता सेवा सिंह को कच्ची शराब की शिकायत करना महंगा पड़ा, जब शक्तिफार्म चौकी में सिपाहियों ने उनके साथ और उनकी बेटी-भतीजी से अभद्रता की। 

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जासं, शक्तिफार्म (ऊधम सिंह नगर)। गांव में खुलेआम बिक रही कच्ची शराब पर कार्रवाई की मांग करना भाजपा नेता को भारी पड़ गया। शिकायत लेकर शक्तिफार्म पुलिस चौकी पहुंचे भाजपा नेता एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के अभिभावक संघ अध्यक्ष सेवा सिंह ने चौकी में तैनात दो सिपाहियों पर उनके साथ ही पुत्री और भतीजी से गालीगलौज करने तथा धक्के देकर चौकी से बाहर निकालने का आरोप लगाया है।

पुलिस के इस व्यवहार से आक्रोशित कुसमौठ के ग्रामीणों ने शक्तिफार्म चौकी में ही मोर्चा खोल दिया। शिकायतकर्ता के साथ धरने पर बैठकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपित सिपाहियों पर कार्रवाई की मांग की।

करीब तीन घंटे तक चले धरना-प्रदर्शन के बाद कोतवाल सुंदरम शर्मा के कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीण वापस लौटे।
ग्राम कुसमौठ निवासी सेवा सिंह का कहना है कि गांव में दो-तीन लोग खुलेआम कच्ची शराब बेच रहे हैं।

इससे गांव का माहौल खराब हो रहा है। वहीं, स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं को भी शराब की बिक्री करने वालों के बीच से गुजरने में परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की कथित मिलीभगत से गांव में अवैध शराब का कारोबार चल रहा है।

इस संबंध में उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, कोतवाल सुंदरम शर्मा और शक्तिफार्म चौकी प्रभारी से शिकायत कर अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने की मांग की थी। सेवा सिंह के मुताबिक, शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने पर शनिवार शाम वह अपनी पुत्री और भतीजी के साथ शक्तिफार्म चौकी पहुंचे।

आरोप है कि वहां तैनात दो सिपाहियों ने उनकी शिकायत सुनने के बजाय उनके साथ गालीगलौज शुरू कर दी। सिपाहियों ने उनकी पुत्री और भतीजी से भी अभद्रता की। विरोध करने पर उसे धक्का देकर चौकी से बाहर निकाल दिया।

इसकी जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण चौकी पहुंच गए। उन्होंने सेवा सिंह के साथ चौकी परिसर में धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि गांव में खुलेआम कच्ची शराब बिक रही है और पुलिस हफ्ता लेकर इस अवैध कारोबार को संरक्षण दे रही है।

ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब पुलिस अधिकारियों तक शिकायत पहुंचाने के बाद भी अवैध शराब की बिक्री नहीं रुक रही तो आम लोगों की शिकायतों पर कार्रवाई की उम्मीद कैसे की जा सकती है। उन्होंने दोनों सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

चौकी प्रभारी ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। मामले की सूचना पर कोतवाल सुंदरम शर्मा पुलिस कर्मियों के साथ चौकी पहुंचे।

उन्होंने शिकायतकर्ता और ग्रामीणों से कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद शाम करीब 6:30 बजे शुरू हुआ धरना रात करीब नौ बजे समाप्त हुआ। कोतवाल के आश्वासन के बाद ग्रामीण धरने से उठकर वापस लौट गए।

धरना-प्रदर्शन में ग्राम प्रधान भजन सिंह, बसगर प्रधान महेंद्र सिंह, सिसौना डिग्री कॉलेज के सचिव विट्टू सिंह, बिंदर सिंह, गुरनाम सिंह, गुरवचन सिंह, सुरेंद्र सिंह, रणवीर कौर, रानो बाई, विक्रम सिंह सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।

यह भी पढ़ें- रुद्रपुर रेशमबाड़ी हत्याकांड: पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया तीसरा आरोपी शिवम चंद्रा 'बर्गर', अवैध तमंचा बरामद

यह भी पढ़ें- रुद्रपुर सिक्योरिटी गार्ड हत्याकांड: दो आरोपित गिरफ्तार, चार की तलाश जारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।