विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऊधम सिंह नगर के गदरपुर में दूल्हे के अरमानों पर फिरा पानी, शादी के बाद दुल्हन को ले गई पुलिस

Published: Thu, 19 Nov 2026 08:20 PM (GMT+05:30)

गदरपुर में 16 वर्षीय किशोरी का बाल विवाह पुलिस और सामाजिक संगठनों की टीम ने रुकवाया। दूल्हे समेत पांच लोगों ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है

जागरण संवाददाता, गदरपुर (ऊधम सिंह नगर)। क्षेत्र में एक 16 वर्षीय किशोरी की शादी 25 वर्षीय युवक से करा दी गई। मामले की सूचना मिलने पर प्रशासन और सामाजिक संगठनों की संयुक्त टीम ने बुधवार देर रात गांव पहुंचकर कार्रवाई की।

पुलिस ने बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत दूल्हे और परिवार के सदस्यों समेत पांच लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत किया है। वहीं नाबालिग को संरक्षण के लिए वन स्टाप सेंटर भेज दिया गया है।

गदरपुर ब्लाक के एक गांव निवासी नाबालिग की शादी बुधवार रात गांव में ही रहने वाले युवक से कराई जा रही थी। इंस्टीट्यूट फार सोशल डेवलपमेंट (आईएसडी) को जैसे ही बाल विवाह की सूचना मिली, संस्था की ओर से चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को जानकारी दी गई।

इसके बाद पुलिस टीम के साथ इंस्टीट्यूट फार सोशल डेवलपमेंट और एसोसिएशन फार वालंटरी एक्शन (एवीए) की संयुक्त टीम देर रात गांव पहुंची। टीम को मौके पर पता चला कि नाबालिग की शादी हो चुकी है।

इसके बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए लड़की को सुरक्षित वन स्टाप सेंटर भेज दिया गया। साथ ही बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 की धारा 9, 10 और 11 के तहत दूल्हे भूपाल विश्वास पुत्र समीर विश्वास समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है।

इंस्टीट्यूट फार सोशल डेवलपमेंट की प्रोजेक्ट डायरेक्टर बिंदुवासिनी ने कहा कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और परंपरा या सामाजिक रीति-रिवाज के नाम पर इसे सही नहीं ठहराया जा सकता।

नाबालिग की शादी कराना उसके अधिकारों का हनन है। उन्होंने पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि बाल विवाह रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होना होगा और इस तरह का कोई मामला सामने आने पर तत्काल आवाज उठानी चाहिए।

बताया कि बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है। जस्ट राइट्स फार चिल्ड्रेन (जेआरसी) ने वर्ष 2023 से अब तक अपने सहयोगी संगठनों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर देशभर में छह लाख से अधिक बाल विवाह रुकवाने का दावा किया है।

यह भी पढ़ें- ऊधम सिंह नगर के गदरपुर में छठ पूजा की झालर से करंट लगने से छात्र की दुखद मौत

यह भी पढ़ें- गदरपुर में CM धामी ने शहीद ऊधम सिंह को दी श्रद्धांजलि, बोले- 'उनका त्याग देता है राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा'

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।