उत्तराखंड में खुले घूम रहे 23 बदमाश, पुलिस ने रखा पांच रुपये से लेकर 100000 रुपये तक का इनाम
कुमाऊं मंडल में 23 इनामी बदमाश पुलिस और एसटीएफ के रडार पर हैं, जिन पर 10 हजार से एक लाख रुपये तक का इनाम घोषित है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
23 इनामी बदमाश कुमाऊं मंडल में पुलिस के रडार पर
10 हजार से एक लाख रुपये तक का इनाम घोषित
एसटीएफ टीमें अपराधियों की तलाश में जुटी, कई राज्यों में जांच
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर । आपराधिक वारदातों को अंजाम देकर लंबे समय से फरार चल रहे कुमाऊं मंडल के 23 इनामी बदमाश पुलिस और एसटीएफ के रडार पर हैं। इनमें सबसे अधिक 11 इनामी अपराधी ऊधम सिंह नगर जिले के हैं। इन फरार अपराधियों पर 10 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक का इनाम घोषित है।
एसटीएफ कुमाऊं इनकी धरपकड़ के लिए लगातार प्रयास कर रही है। अपराधियों की मौजूदा लोकेशन का पता लगाने के लिए उनके संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही संदिग्ध मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगाकर ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।
10 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक का इनाम घोषित
कुमाऊं मंडल के छह जिलों में हत्या, लूट, चोरी, डकैती, अपहरण, दुष्कर्म, धोखाधड़ी और तस्करी समेत विभिन्न आपराधिक वारदातों में शामिल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार अभियान चलाती है। अधिकांश मामलों में आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाता है, जबकि कुछ पुलिस की पकड़ से दूर रहते हैं।
लंबे समय तक फरार रहने पर पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश देने के साथ ही संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी करती है। इसके बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने पर उन पर इनाम घोषित किया जाता है।
वर्तमान में कुमाऊं के छह जिलों में कुल 23 इनामी अपराधी फरार हैं। इनमें ऊधम सिंह नगर में सबसे अधिक 11 बदमाशों पर इनाम घोषित है। नैनीताल और पिथौरागढ़ में चार-चार, चंपावत में तीन और अल्मोड़ा जिले में एक इनामी अपराधी फरार चल रहा है। वहीं बागेश्वर जिले में फिलहाल कोई इनामी अपराधी नहीं है। इन बदमाशों की तलाश में स्थानीय पुलिस के साथ एसटीएफ भी जुटी हुई है।
एसटीएफ की टीमें अपराधियों के पुराने ठिकानों, रिश्तेदारों और संपर्क सूत्रों की जानकारी जुटा रही हैं। उत्तराखंड के अलावा मध्य प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, बिहार, उत्तर प्रदेश और पड़ोसी देश नेपाल तक इनके संभावित ठिकानों को लेकर जांच की जा रही है। एसटीएफ का प्रयास है कि फरार अपराधियों की लोकेशन चिह्नित कर जल्द उनकी गिरफ्तारी की जाए।
पांच रुपये का इनाम भी हुआ था घोषित
रुद्रपुर: वर्ष 2024 में काशीपुर हाईवे पर हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों के युवकों ने कई राउंड फायरिंग की थी। मामले में पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार किया था, जबकि फरार जसवीर सिंह उर्फ जस्सी निवासी अर्जुनपुर रुद्रपुर और मनमोहन सिंह निवासी नेताजी नगर दिनेशपुर पर पांच-पांच रुपये का इनाम घोषित किया था।
कुमाऊं मंडल के जिलावार इनामी बदमाश
नैनीताल
- सुमित कुमार शर्मा उर्फ गौरव वार्ष्णेय, साई कोचिंग सेंटर, मुखानी, इनाम 50 हजार रुपये।
- अतुल बिष्ट, डीएम कंपाउंड के पास, तल्लीताल, नैनीताल, इनाम एक लाख रुपये।
- किशोर राम, चोपड़ा, थाना रामनगर, नैनीताल, इनाम एक लाख रुपये।
- रजनीश, शीला टाकीज के पास, बद्धूनगर, धामपुर, बिजनौर (उत्तर प्रदेश), इनाम एक लाख रुपये।
अल्मोड़ा
- विजेंद्र सिंह बजेठा उर्फ विक्की, ग्राम डडोली, थाना द्वाराहाट, अल्मोड़ा, इनाम 30 हजार रुपये।
चम्पावत
- तेज सिंह, दूध पोखरा, कोतवाली चम्पावत, इनाम 50 हजार रुपये।
- गोपाल दत्त जोशी, दैलेख महाकाली अंचल, जिला बैतडी, नेपाल, इनाम 50 हजार रुपये।
- पूरन सिंह, भट्टी गांव, पोस्ट बनकोट, थाना बेरीनाग, जिला पिथौरागढ़, इनाम 50 हजार रुपये।
पिथौरागढ़
- जगदीश पुनेठा, सिल्पाटा, कोतवाली पिथौरागढ़, इनाम 50 हजार रुपये।
- मनीष पाठक, कराला महर, धरमघर, तहसील बेरीनाग, पिथौरागढ़, इनाम 50 हजार रुपये।
- उत्तम सिंह, ग्राम कानाकोट, कोतवाली पिथौरागढ़, इनाम 10 हजार रुपये।
- होशियार सिंह, ग्राम भटेडी, थाना झूलाघाट, पिथौरागढ़, इनाम 10 हजार रुपये।
ऊधम सिंह नगर
- तनवीर सिंह, गुलजारपुर, कुंडेश्वरी, काशीपुर, इनाम 50 हजार रुपये।
- देवेंद्र धानुक उर्फ दीपक, चैनपुर, वार्ड नंबर-8, थाना चैनपुर, लथांग, नेपाल, इनाम 10 हजार रुपये।
- इंद्रजीत सिंह, सुतईया, थाना पुलभट्टा, इनाम 15 हजार रुपये।
- प्रिंस यादव, बिजली कॉलोनी, नानकमत्ता, इनाम 25 हजार रुपये।
- रंदीप उर्फ राजा, थेम्स ए-002, ओमैक्स, पंतनगर, इनाम 25 हजार रुपये।
- हंसा उर्फ हंसराज सिंह, टुकड़ी, थाना नानकमत्ता, इनाम 25 हजार रुपये।
- वंशा उर्फ हरवंश सिंह, टुकड़ी, थाना नानकमत्ता, इनाम 25 हजार रुपये।
- अमरदीप सिंह, वार्ड नंबर-03, एसएम पब्लिक स्कूल के सामने, चंद्र कॉलोनी, सितारगंज, इनाम 20 हजार रुपये।
- अर्चना पाठक, 21/23 काफल ग्रांट टोला, रानी मंडी, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश), इनाम 50 हजार रुपये।
- प्रवल कौशिक, बाजार, झुंझुनूं (राजस्थान) एवं मुरारीनगर, थाना गाजीपुर, लखनऊ (उत्तर प्रदेश), इनाम 15 हजार रुपये।
- लोकेन्द्र सिंह खाती उर्फ लक्की, परस्ती आंचल ओल्लेख, नेपाल औ हाल बिहारी कॉलोनी, फर्श बाजार, शाहदरा, दिल्ली, इनाम 50 हजार रुपये।
कुमाऊं में आपराधिक वारदात के बाद फरार चल रहे 23 इनामी बदमाशों की तलाश की जा रही है। इसके लिए एसटीएफ लगी हुई है। सर्विलांस से उन्हें ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। कुछ इनामी बदमाश एसटीएफ की राडार पर है, उन्हें ट्रैक कर जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - अजय सिंह, एसएसपी, एसटीएफ
यह भी पढ़ें- देहरादून में साइबर ठगी पर लगाम लगाने को एसटीएफ की नई पहल 1930 कंट्रोल रूम में SBI नोडल अधिकारी तैनात
यह भी पढ़ें- दूल्हा बनने से पहले 50 हजार का इनामी गिरफ्तार 10 साल से फरार अभियुक्त को एसटीएफ प्रयागराज ने गुरुग्राम में दबोचा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।