विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमानत पर छूटने के बाद फिर बेटी को परेशान करने लगा आरिस, धर्म परिवर्तन का दबाव... डर से सिलाई सेंटर जाना छोड़ा

Published: Wed, 07 Oct 2026 04:32 PM (IST)

सितारगंज की एक महिला ने एक मुस्लिम युवक के खिलाफ अपनी नाबालिग बेटी को परेशान करने, फोटो-वीडियो प्रसारित करने की ...और पढ़ें

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, सितारगंज। नगर निवासी महिला ने एक मुस्लिम युवक पर उसकी नाबालिग बेटी का पीछा कर परेशान करने, फोटो व वीडियो प्रसारित करने की धमकी देने तथा परिवार को धमकाने का आरोप लगाया है।

महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध दोबारा प्राथमिकी पंजीकृत की है। महिला का कहना है कि आरोपित के विरुद्ध पूर्व में भी प्राथमिकी पंजीकृत हुई थी। पुलिस ने उस मामले में कार्रवाई की थी और बाद में आरोपित को जमानत मिल गई थी। जमानत पर बाहर आने के बाद भी उसने उसकी बेटी को परेशान करना बंद नहीं किया।

महिला ने तहरीर में बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व वार्ड छह निवासी आरिस ने उसकी नाबालिग बेटी से धोखे से जान-पहचान और दोस्ती की थी। आरोप है कि इसके बाद युवक उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर कई बार बाहर ले गया। इस दौरान उसकी फोटो और वीडियो भी बना ली। बाद में युवक इन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देने लगा।

 

यह भी पढ़ें- हरिद्वार में हिंदू महिला का धर्म परिवर्तन कराकर की दूसरी शादी, पहली पत्नी ने खोल दी पति की पोल

महिला का आरोप है कि युवक उसकी बेटी के बालिग होने पर उसका धर्म परिवर्तन कराकर शादी करने की बात कहता है। ऐसा नहीं करने पर बेटी को जान से मारने और उसके पति को ट्रक से कुचलने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक आरोपित उसकी दोनों बेटियों का पीछा कर उन्हें परेशान करता था।

डर के कारण सिलाई सेंटर जाना छोड़ा

महिला ने बताया कि आरोपित की हरकतों से उसकी बेटी भयभीत है। उसने घर से बाहर निकलना तक कम कर दिया है और डर के कारण सिलाई सेंटर जाना भी छोड़ दिया। महिला का कहना है कि घटना के बाद से पूरा परिवार भय के माहौल में है। आरोपित उसकी बेटी को बदनाम करने की धमकी देकर मानसिक और सामाजिक रूप से परेशान कर रहा है।

महिला ने बताया कि सात अगस्त को उसने इस संबंध में कोतवाली सितारगंज में आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कराई थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई की थी। बाद में आरोपित को जमानत मिल गई।

महिला का आरोप है कि जमानत पर आने के बाद भी युवक ने अपनी हरकतें बंद नहीं कीं और दोबारा उसकी बेटी को परेशान करने लगा। महिला ने पुलिस से दोनों बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपित और उसके साथियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें- पैसे और सुविधाओं का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप, चतरा में ग्रामीणों ने थाने में दी शिकायत

तहरीर के आधार पर आरोपित के विरुद्ध दोबारा प्राथमिकी

इधर, पुलिस ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपित के विरुद्ध दोबारा प्राथमिकी पंजीकृत की गई है। पूर्व में भी उसके विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत हुई थी और उस मामले में कार्रवाई के बाद उसे जमानत मिली थी। वर्तमान मामले में पुलिस तहरीर में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। साथ ही आरोपित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए उसकी तलाश की जा रही है।