ऊधम सिंह नगर: रेशमबाड़ी हत्याकांड मामले के दो और आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
पुलिस ने रुद्रपुर के रेशमबाड़ी हत्याकांड में फरार चल रहे दो और आरोपियों प्रिंस ठाकुर और प्रियांशु कश्यप को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस
HighLights
रेशमबाड़ी हत्याकांड के दो फरार आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस मुठभेड़ में आरोपियों के पैर में लगी गोली।
सभी छह आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। रेशमबाड़ी में सिक्योरिटी गार्ड लीलाधर की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो और आरोपितों को शनिवार देर रात काशीपुर हाईवे से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपितों के पैर में गोली लगी है। घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस कार्रवाई के साथ ही हत्याकांड में नामजद सभी छह आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया की गुरुवार रात फैक्ट्री में ड्यूटी पूरी करने के बाद घर पहुंचे सिक्योरिटी गार्ड लीलाधर की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मामले में पुलिस ने विनोद कश्यप, सुभाष राठौर, प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी, शिवम चंद्रा, प्रियांशु कश्यप और अरुण ठाकुर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बगवाड़ा मंडी के पास से रेशमबाड़ी निवासी सुभाष पुत्र रघुवीर सिंह और विनोद कश्यप को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद शनिवार तड़के रिंग रोड पर पुलिस मुठभेड़ के दौरान शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर को गिरफ्तार किया। वहीं, शाम को अरुण ठाकुर को भी पुलिस ने पकड़ लिया था। जबकि प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी और प्रियांशु कश्यप फरार चल रहे थे।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दोनों फरार आरोपित बाइक से कहीं भागने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस टीम ने उनकी काशीपुर हाईवे पर घेराबंदी कर दी। पुलिस को देख वह मुड़ने लगे तो बाइक रपट गई।
खुद को पुलिस से घिरा देख दोनों आरोपितों खेत की और भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी और प्रियांशु कश्यप के पैर में गोली लग गई। दोनों को घायल अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।