विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रुद्रपुर अस्पताल में खूनी खेल: जिंदगी बचाने पहुंचे लोग, मौत के मंजर से सहमे

Published: Sat, 14 Nov 2026 12:10 PM (GMT+05:30)

रुद्रपुर जिला अस्पताल में शुक्रवार को मरीजों और तीमारदारों के सामने चाकूबाजी की घटना ने दहशत फैला दी।

News Article Hero Image

HighLights

  1. रुद्रपुर जिला अस्पताल में चाकू से हमला, युवक की हत्या

  2. इलाज के दौरान हमलावरों ने मचाई अस्पताल में दहशत

  3. मरीजों और तीमारदारों में अफरा-तफरी, जान बचाने भागे

जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। जिला अस्पताल में शुक्रवार को जिंदगी बचाने की उम्मीद लेकर पहुंचे मरीजों और तीमारदारों के सामने अचानक मौत का मंजर आ गया। दिनदहाड़े अस्पताल परिसर में चाकू से हुए हमले और हत्या ने पूरे अस्पताल को दहला दिया।

हमले के दौरान मची चीख-पुकार से अस्पताल में अफरातफरी फैल गई। जान बचाने के लिए मरीज और तीमारदार इधर-उधर भागने लगे। जिस अस्पताल में लोग उपचार और राहत की उम्मीद लेकर पहुंचे थे, वहीं कुछ ही पलों में दहशत का माहौल बन गया और सन्नाटा पसर गया।

शुक्रवार को जिला अस्पताल में रोजाना की तरह मरीजों और तीमारदारों की अच्छी खासी भीड़ थी। आपातकालीन कक्ष में चिकित्सकों को दिखाने के लिए लोग कतार में खड़े थे, जबकि कई मरीजों का उपचार चल रहा था। ओपीडी में भी मरीजों की आवाजाही लगी हुई थी। भर्ती मरीजों का हाल जानने के लिए तीमारदार भी अस्पताल पहुंच रहे थे। कुल मिलाकर अस्पताल का माहौल सामान्य था।

हल्द्वानी रेफर करने की कर रहे थे तैयारी 

इसी बीच जगतपुरा में हुई मारपीट में घायल अपने मोबाइल शाप के कर्मचारी कशिश का उपचार कराने के लिए नितेश जौहरी अपने भाई सहित एक अन्य कर्मचारी के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। चिकित्सक कशिश का प्राथमिक उपचार कर उसे हल्द्वानी रेफर करने की तैयारी कर रहे थे। तभी कर्मचारी पर हमला करने के आरोपित आधा दर्जन से अधिक लोग अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने नितेश और उसके साथ मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले से अस्पताल परिसर में मौजूद लोग एक पल के लिए कुछ समझ ही नहीं सके। दिनदहाड़े अस्पताल में हुई इस वारदात को देखकर वहां मौजूद मरीजों और तीमारदारों की चीखें निकल गईं। कोई जान बचाने के लिए इधर-उधर भागा तो कोई अस्पताल के कमरों और सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़ा।

पत्नी को अस्पताल में दिखाने आए रम्पुरा निवासी अवधेश कुमार ने बताया कि वह काउंटर में पर्चा कटवा रहा था। इसी बीच शोरशराबा होने लगा। पर्चा कटवाना छोड़ उस ओर गया तो पता चला कि मारपीट हो रही थी। वह पास पहुंचकर कुछ समझ पाता कि एक युवक फर्श पर लहूलुहान होकर गिर गया। कुछ ही देर में पता चला कि वह युवक मर चुका है। यह सुन उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।

गर्भवती पत्नी को बिना दिखाए लौटे आदर्श कालोनी के धमेंद्र

आदर्श कालोनी के निवासी धर्मेंद्र यादव गर्भवती पत्नी को लेकर कार से पहुंचे थे, कार से उतरते समय उन्होंने खूनी मंजर देख सन्न रह गए। एक युवक को लहूलुहान देख और थोड़ी देर में उसकी मौत की सूचना ने उन्हें अंदर तक हिलाकर रख दिया। अफरा-तफरी की स्थिति देख उन्होंने पत्नी को कार से नहीं उतारा और आननफानन में बिना चिकित्सक को दिखाए लौट गए।

यह भी पढ़ें- रुद्रपुर नितेश जौहरी हत्याकांडः मासूम बेटी के सिर से उठा पिता का साया, पत्नी और मां बेसुध

यह भी पढ़ें- रुद्रपुर जिला अस्पताल में मोबाइल शॉप स्वामी की चाकू से गोदकर हत्या, भाई समेत दो घायल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।