रुद्रपुर में युवतियों से मिलने आने वाले युवक, हुआ बवाल... नकाबपोश युवकों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
रुद्रपुर के शिव इन्कलेव कालोनी में युवतियों से मिलने आए युवक का विरोध करने पर बवाल हो गया।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की शिव इन्कलेव कालोनी में युवतियों से मिलने आने वाले युवक का विरोध करने के बाद बवाल हो गया। युवक ने फोन कर अपने साथी बुला लिए।
कुछ देर बाद कार सवार कई नकाबपोश युवक पहुंचे और गालीगलौज करते हुए ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान हमलावरों ने पथराव कर दो कार के शीशे भी क्षतिग्रस्त कर दिए।
बाद में आसपास के लोग एकत्र हुए तो आरोपित अपनी कार मौके पर छोड़ फायरिंग करते हुए फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी ली और मौके से एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। साथ ही पुलिस ने आरोपितों की कार को कब्जे में लेकर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पंजाब निवासी तीन युवतियां ट्रांजिट कैंप के शिव इन्कलेव कालोनी में एक मकान में किराए में रहती है। बताया जा रहा है कि युवतियां करीब डेढ़ माह से कालोनी में किराए में रह रही थी। युवतियों से मिलने उनके कमरे में अक्सर युवकों का आना-जाना लगा रहता था।
पांच-छह नकाबपोश युवक पहुंचे
गुरुवार देर रात भी एक युवक युवतियों से मिलने उनके घर पहुंचा। इसका पता चलते ही मकान में रहने वाले परिवार ने विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद युवक ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद कार सवार पांच-छह नकाबपोश युवक वहां पहुंचे और हंगामा कर गालीगलौज शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, केशव शिवाला गैंग के चार शूटर गिरफ्तार; टारगेट किलिंग की साजिश नाकाम
साथ ही एक के बाद एक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। यही नहीं उन्होंने कालोनी के रहने वाले मुकेश कुमार की कार यूपी-14-ईटी-5502 और शिव कुमार की यूके-06-एजेड-5455 कार पर पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया। फायरिंग की आवाज सुनकर कालोनी में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर आ गए। साथ ही पुलिस को सूचना दी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपित अपनी कार मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
बाद में सूचना पर एसएसआइ ट्रांजिट कैंप मुकेश मिश्रा पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और जानकारी ली। इस दौरान लोगों का कहना था कि हमलावरों ने करीब दस राउंड फायरिंग की। बाद में पुलिस ने आरोपितों की कार यूपी-16-बीएल-7117 को कब्जे में लिया। इस दौरान पुलिस को मौके से एक जिंदा कारतूस और एक खोखा भी मिला।
एसएसआइ मुकेश मिश्रा ने बताया कि नकाबपोश युवकों की तलाश की जा रही है। इसके लिए जगह जगह लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं। साथ ही कार नंबर के आधार पर भी आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। इधर, मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए।
कुत्ते पर भी किया फायर, राहगीर का तमंचे के बल पर लूटा मोबाइल
शिव इन्कलेव कालोनी में हुई घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से जानकारी जुटाई। स्थानीय लोगो के अनुसार हमलावर जब कालोनी से भागे तो कुत्ते उन भोंकने लगे। जिस पर उन्होंने एक कुत्ते पर भी फायरिंग की थी।
इसके अलावा जब हमलावर भाग रहे थे तो रास्ते में उन्हें एक व्यक्ति मिला। जिससे हमलावरों ने तमंचे के बल पर मोबाइल भी लूट लिया।
यह भी पढ़ें- हरियाणा में बेटे के जन्म की खुशी पर चल रहा था डांस, हर्ष फायरिंग में रिश्तेदार की मौत; ASI समेत दो पर हत्या का केस
मकान स्वामी का होगा चालान, युवतियां भी हुई गायब
गुरुवार देर रात शिव इन्कलेव कालोनी में हुए बवाल और फायरिंग के बाद तीनों युवतियां भी गायब हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी ली तो पता चला कि डेढ़ माह पहले ही वह किराए में रहने के लिए आई थी।
मकान मालिक बाहर रहता है। एसएसआइ मुकेश मिश्रा ने बताया कि किराए में रहने वाली युवतियों का सत्यापन न करने पर मकान स्वामी का चालान किया जाएगा।
