हरियाणा में बेटे के जन्म की खुशी पर चल रहा था डांस, हर्ष फायरिंग में रिश्तेदार की मौत; ASI समेत दो पर हत्या का केस
बेटे के जन्म की खुशी में आयोजित जलवा पूजन समारोह हर्ष फायरिंग के कारण मातम में बदल गया, जिसमें एक रिश्तेदार अमरजीत की गोली लगने से मौत हो गई।
-1790347073862_m.webp)
हर्ष फायरिंग में गोली लगने से अमरजीत की मौत। फाइल फोटो
HighLights
जलवा पूजन में हर्ष फायरिंग से रिश्तेदार अमरजीत की मौत।
हरियाणा पुलिस के एएसआइ समेत दो पर हत्या का केस।
पुलिस जांच कर रही है कि जानलेवा गोली किसने चलाई थी।
संवाद सहयोगी, नारनौंद (हिसार)। गांव सिंघवा खास में बेटे के जन्म की खुशी में आयोजित जलवा पूजन हर्ष फायरिंग के कारण मातम में बदल गया। डीजे पर रिश्तेदार नाच रहे थे और एक-दूसरे को बधाई दे रहे थे। इसी दौरान पिस्तौल से चली गोली जींद जिले के गांव रोजला निवासी अमरजीत के पैर में जा लगी। दो दिन तक उपचार के बाद शुक्रवार तड़के करीब दो बजे हिसार के निजी अस्पताल में अमरजीत की मौत हो गई।
मृतक की पत्नी रिंकू की शिकायत पर बास थाना पुलिस ने गांव सिंघवा खास निवासी हरियाणा पुलिस के एएसआइ सुरेंद्र और भिवानी जिले के गांव गुजरानी निवासी मनोज के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि जानलेवा गोली दोनों में से किसके हथियार से चली थी।
रिंकू ने पुलिस को बताया कि उसके मामा के लड़के अंकित के घर बेटा पैदा होने पर 23 सितंबर को जलवा पूजन रखा गया था। वह पति अमरजीत के साथ कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान दो युवकों ने पिस्तौल से हवाई फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली अमरजीत को लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई।
भिवानी से हिसार किया रेफर, अग्रोहा में होगा पोस्टमार्टम
गोली लगने के बाद अमरजीत को तुरंत भिवानी के निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डाक्टरों ने उसे हिसार रेफर कर दिया। हिसार के निजी अस्पताल में शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। बास थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कालेज भेजा है।
सीन आफ क्राइम टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। थाना प्रभारी जयसिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। हथियार और फायर करने वाले की पहचान के लिए जांच की जा रही है।
