विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाएं हाथ में कैन्युला और नाभि में क्लिप... उत्तराखंड के रुद्रपुर में कार के नीचे बच्ची छोड़ने वाले पर केस दर्ज

By Virendra BhandariEdited By: Nirmala Bohra
Published: Sun, 18 Oct 2026 11:48 AM (IST)Updated: Sun, 18 Oct 2026 11:51 AM (IST)

रुद्रपुर की सिंह कॉलोनी में एक कार के नीचे नवजात बच्ची को लावारिस हालत में पाया गया, जिसके बाएं हाथ में कैन्युला और नाभि में क्लिप लगी थी।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, रुद्रपुर । सिंह कालोनी की चर्च रोड पर कार के नीचे नवजात बच्ची को छोड़कर जाने वाले अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। बच्ची के बाएं हाथ में कैन्युला लगा था और नाभि में क्लिप लगी हुई थी।

उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उच्च उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कर दिया। पुलिस बच्ची को छोड़कर जाने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी है। इसके लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

 कार के नीचे मिली थी नवजात

सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि शनिवार शाम डायल 112 पर सूचना मिली कि सिंह कालोनी गली नंबर एक स्थित चर्च के आगे एक कार के नीचे कपड़े में लिपटी नवजात बच्ची पड़ी है। सूचना पर आदर्श कालोनी चौकी से उपनिरीक्षक प्रदीप पंत पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां स्थानीय लोगों ने बच्ची को उठाकर गोद में लिया और उसे कपड़े पहनाए।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि चर्च के पादरी अशोक जोन जब अपनी कार में बैठने पहुंचे तो उन्हें कार के नीचे नवजात बच्ची दिखाई दी। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बच्ची को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआइसीयू) में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया है।

सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि बच्ची को इस तरह कार के नीचे छोड़ना उसकी जान के लिए खतरा पैदा कर सकता था। मामले में अज्ञात के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 91 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही है, ताकि बच्ची को वहां छोड़ने वाले की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

यह भी पढ़ें- रुद्रपुर में नवरात्र के दौरान कार के नीचे मिली नवजात बच्ची, कन्या पूजन के मौके पर चर्चा का विषय बनी घटना