विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रुद्रपुर में बेटे की हत्या कर नकदी-जेवर लेकर फरार पिता की यूपी और दिल्ली में तलाश, पुलिस टीमों ने डाला डेरा

Published: Sun, 29 Nov 2026 08:27 PM (GMT+05:30)

रुद्रपुर में बेटे की हत्या कर नकदी और जेवर लेकर फरार हुए पिता की तलाश में पुलिस टीमें उत्तर प्रदेश और दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं।

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है

जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। इंदिरा कालोनी में बेटे पर जानलेवा हमला कर नकदी और जेवर लेकर फरार हुए पिता की तलाश में पुलिस की टीमें उत्तर प्रदेश और दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। हत्यारोपित के इन्हीं क्षेत्रों में छिपे होने की आशंका है।

पुलिस उसके मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाकर लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। वहीं, बेटे की मौत के बाद पुलिस ने जानलेवा हमले के मुकदमे को हत्या की धारा में तरमीम कर दिया है। इंदिरा कालोनी निवासी अनिल कुमार (24) घर में सो रहा था।

इसी दौरान उसके पिता सुरेश कुमार (50) ने लोहे की सब्बल से उसके सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर पर गंभीर चोट लगने से वह कोमा में चला गया था।

स्वजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित पिता घर में रखी नकदी और जेवर लेकर फरार हो गया था।

पुलिस को आशंका है कि आरोपित उत्तर प्रदेश या दिल्ली की ओर भागा है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि हत्यारोपित की तलाश में पुलिस की दो टीम लगी है। उसके मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाकर गतिविधियों और लोकेशन का पता लगाया जा रहा है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हत्यारोपित पिता की गिरफ्तारी को एसएसआई का किया घेराव

बेटे की हत्या के बाद फरार पिता की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्वजन और स्थानीय लोगों ने एसएसआई का घेराव किया। चेतावनी दी कि दो दिन में हत्यारोपित गिरफ्तार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।

रविवार को पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल की अगुवाई में इंदिरा कालोनी के लोग कोतवाली पहुंचे और एसएसआई महेश कांडपाल का घेराव किया। कहा कि घटना को एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद आरोपित पिता की गिरफ्तारी न होने से स्वजन एवं क्षेत्रवासियों में नाराजगी है।

इस दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा से दूरभाष पर वार्ता कर मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान सुनील चुघ, संजय आइस, ललित सिंह बिष्ट, केरू मंडल, लीलावती, कमला रानी, मुस्कान, विक्की, संजीव, राधे, श्याम, ध्यान सिंह, ओम कुमारी, अशोक आदि रहे।

यह भी पढ़ें- रुद्रपुर में आरटीओ कार्यालय के नाम पर चल रहा था फर्जीवाड़ा, एसटीएफ ने दो को दबोचा

यह भी पढ़ें- रुद्रपुर रेशमबाड़ी हत्याकांड: पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया तीसरा आरोपी शिवम चंद्रा 'बर्गर', अवैध तमंचा बरामद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।