विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रुद्रपुर में आरटीओ कार्यालय के नाम पर चल रहा था फर्जीवाड़ा, एसटीएफ ने दो को दबोचा

By Virendra BhandariEdited By: Nirmala Bohra
Published: Sun, 29 Nov 2026 10:35 AM (IST)

एसटीएफ ने रुद्रपुर में आरटीओ कार्यालय के नाम पर चल रहे फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ किया है, जहां लोगों से आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस के लिए अधिक शुल्क वसूला जा रहा था।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, रुद्रपुर । आरटीओ कार्यालय के नाम पर लोगों से सरकारी शुल्क से अधिक रकम वसूलकर वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) और ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के खेल का एसटीएफ ने पर्दाफाश किया है। एसटीएफ कुमाऊं की टीम ने शनिवार को जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास खड़ी दो कारों में छापा मारकर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया।

दोनों कारों में बैठकर ग्राहकों से रकम लेने और उनके दस्तावेज तैयार करने का काम कर रहे थे। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 75 आरसी, सात ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फार्म-30, एक लैपटॉप, प्रिंटर और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। मामले में आरटीओ कार्यालय के अंदर से दस्तावेज उपलब्ध कराने वाले किच्छा निवासी देवेंद्र का नाम भी सामने आया है। एसटीएफ उसकी तलाश में जुट गई है।

एसटीएफ के उपनिरीक्षक विपिन चंद्र जोशी शनिवार को टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में निकले थे। इसी दौरान मंडी निदेशालय तिराहे के पास मुखबिर ने सूचना दी कि आरटीओ कार्यालय के पास जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट पर दो कारों में कुछ लोग बिना अनुमति आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का काम कर रहे हैं। सूचना पर एसटीएफ ने सिडकुल चौकी पुलिस को जानकारी देकर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। इसके बाद संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों कारों की घेराबंदी की।

एक कार में चालक की सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम प्रवीण बाछाड़ निवासी चंदीपुर विजयपुर, दिनेशपुर बताया। दूसरी कार में लैपटॉप पर काम कर रहे व्यक्ति की पहचान पंकज कांति सेन निवासी ट्रांजिट कैंप के रूप में हुई। दोनों से दस्तावेज बनाने का लाइसेंस मांगा गया तो वे नहीं दिखा सके। तलाशी लेने पर प्रवीण की कार से 55 आरसी और 13 फार्म-30 बरामद हुए। वहीं पंकज की कार से 20 आरसी, सात ड्राइविंग लाइसेंस और छह फार्म-30 मिले। इसके अलावा लैपटॉप, कैनन कंपनी का प्रिंटर, माउस और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे वाहन स्वामियों को सरकारी शुल्क की सही जानकारी नहीं देते थे। सरकारी फीस से अधिक रकम लेकर उसे ही सरकारी शुल्क बताकर वसूलते थे। उनका कहना था कि सरकारी फीस में उनका मुनाफा नहीं होता, इसलिए वे ग्राहकों से करीब दोगुनी रकम लेते थे। आरोपितों ने यह भी बताया कि किच्छा के सिरौली कलां निवासी देवेंद्र उन्हें आरटीओ कार्यालय के अंदर से आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य सरकारी दस्तावेज लाकर देता था। इसके बदले वह उनसे अतिरिक्त रकम लेता था।

एसटीएफ ने दोनों आरोपितों को भारतीय न्याय संहिता की धारा 316 और 318(4) के तहत गिरफ्तार कर लिया। बरामद दस्तावेज, लैपटॉप और प्रिंटर को सील कर कब्जे में लिया गया है। एसटीएफ अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। आरटीओ कार्यालय के अंदर से सरकारी दस्तावेज बाहर पहुंचाने के आरोपों की जांच भी की जा रही है। मामले में देवेंद्र की भूमिका और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

जांच के घेरे में आरटीओ कार्यालय की कार्यप्रणाली

आरटीओ कार्यालय के पास दो कारों में बैठकर आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का काम किए जाने तथा आरोपितों के दावे के अनुसार कार्यालय के अंदर से दस्तावेज उपलब्ध कराए जाने के बाद विभागीय कार्यप्रणाली भी जांच के दायरे में आ गई है। एसटीएफ इस बात की पड़ताल कर रही है कि सरकारी दस्तावेज आरोपितों तक कैसे पहुंच रहे थे और इस खेल में कार्यालय का कोई कर्मचारी शामिल था या नहीं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।